नगर निगम का सर्वर डाउन होने के चलते शनिवार को रिज मैदान स्थित कैश काउंटर में कोई फीस जमा नहीं हुई। पुराने कोर्ट कांप्लेक्स में शिफ्ट हुए नगर निगम दफ्तर में लीज लाइन बदलने के चलते शनिवार को काउंटर में काम नहीं हो सका।
इस कारण नगर निगम में विभिन्न तरह के बिल जमा करवाने आए उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। कैश काउंटर के औचक निरीक्षण को आए आयुक्त पंकज राय को भी इस दौरान लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आयुक्त ने मामले की जानकारी जुटाकर निगम अफसरों को इस बाबत फटकार भी लगाई। शनिवार दोपहर करीब एक बजे कैश काउंटर में पैसे जमा होने शुरू हुए।
सर्वर डाउन होने के चलते कैश काउंटर में प्रापर्टी टैक्स जमा करवाने और पीएफए, नॉन पीएफए, फूड लाइसेंस बनवाने के लिए पैसा जमा करवाने आए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कारोबारी रमन कुमार, अखिल शर्मा, रमेश चोपड़ा, पवन गुप्ता और साहिल ठाकुर ने कहा कि अगर नगर निगम ने शनिवार को लीज लाइन बदलनी थी तो इसकी जानकारी पहले देनी चाहिए थी, ताकि लोग यहां नहीं आते।
निगम अफसरों ने लापरवाही बरतते हुए सैकड़ों लोगों को परेशान किया है। कैश काउंटर में जमा हुए लोगों ने मौके पर आए आयुक्त के समक्ष भी अपना विरोध जताया।
क्या कहना है निगम का
निगम प्रशासन ने बताया है कि बिजली की फिटिंग होने के चलते लीज लाइन बदलनी पड़ी। इस कारण सर्वर बंद करना पड़ा। निगम आयुक्त पंकज राय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कैश काउंटर में काम नहीं होने की जानकारी मिली। संबंधित शाखा से बात कर समस्या को दूर कर दिया गया।