सड़क को सैनिटाइज करते नगर निगम के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना पॉजिटिव तीन मरीजों के रविवार सुबह आईजीएमसी पहुंचते ही नगर निगम प्रशासन भी हरकत में आ गया। निगम की एक टीम सुबह छह बजे शोघी पहुंची। उस पूरे रूट पर छिड़काव किया, जहां से एंबुलेंस मरीजों को लेकर शिमला पहुंची थी। शोघी से आईजीएमसी तक गाड़ी की मदद से स्प्रे किया गया।
मरीजों को लेकर जिस रूट से एंबुलेंस गुजरी, उसका पता चलते ही गाड़ियों और लोगों की आवाजाही इससे कम हो गई। अचानक हाईवे को सैनिटाइज करने से लोग हैरान थे। निगम की टीम से पता करने के बाद सभी इस रूट से बचते नजर आए।
उधर, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज ने कहा कि एहतियात के तौर पर शोघी से शिमला तक पूरे रूट पर दवाई का छिड़काव किया गया है। आईजीएमसी को खासतौर पर सैनिटाइज किया गया है। जाखू, बैनमोर और संजौली समेत कई अन्य वार्डों में भी रविवार को सैनिटाइजेशन का काम जारी रहा।
संवेदनशील सूची वाले स्थानों की रोज सैनिटाइजेशन
नगर निगम ने शहर में ऐसे स्थानों की एक सूची तैयार की है, जहां रोज लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर रोज बीते एक हफ्ते से लगातार दवा का छिड़काव किया जा रहा है। इनमें सब्जी मंडी एरिया, लोअर बाजार, अनाज मंडी, बस स्टैंड, सभी सार्वजनिक शौचालय, अस्पताल, नगर निगम, उपायुक्त कार्यालय, एसपी ऑफिस, बैंक और शहर के स्लम एरिया शामिल हैं।