हिमाचल हाईकोर्ट के आदेश पर राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम शिमला के चुनाव का एलान कर दिया है। एक याचिका पर हाईकोर्ट के सोमवार सुबह आए फैसले के चंद घंटे बाद ही निर्वाचन आयोग ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी।
अब नगर निगम शिमला के सभी 34 वार्डों में 16 जून को वोट डाले जाएंगे। 17 जून को चुनावी नतीजे घोषित होंगे। चुनाव के एलान के साथ ही शिमला एमसी क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव का शेड्यूल जारी होने से पहले सुबह हाईकोर्ट ने राज्य निर्वाचन आयोग को आदेश दिए कि वो 18 जून तक शिमला नगर निगम के चुनाव करवाए। कोर्ट ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि 19 जून से नगर निगम का नया सदन कार्य करना शुरू कर दे।
कोर्ट ने चुनाव आयोग को आदेश दिए कि 5 मई को जारी निर्वाचन सूची को अंतिम सूची मानें और कानून के अनुरूप नामांकन तिथि से 10 दिन पहले यदि कोई मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना चाहे तो उनका नाम अनुपूरक मतदाता सूची में दर्ज करें। एमसी चुनाव की घोषणा के बाद अब कोई भी मतदाता अपना नाम वोटर सूची में दर्ज नहीं करवा पाएगा।