चुनावी साल में महापौर सत्या कौंडल ने शुक्रवार को भाजपा शासित नगर निगम शिमला का पांचवां और आखिरी बजट पेश किया। 224.5 करोड़ रुपये के इस सरप्लस बजट में शहरवासियों की पार्क, पार्किंग जैसी समस्याओं को कम करने के लिए कई घोषणाएं की गईं हैं। नगर निगम शहर में कुल 27 जगह पार्किंग बनाएगा। बजट में स्मार्ट सिटी के पैसों के सहारे शहरवासियों को सुविधाएं देने के सपने दिखाए गए हैं। बजट घोषणा में ज्यादातर बड़े प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी मिशन के पैसों पर आधारित हैं। यही नहीं, महापौर ने बजट में ज्यादातर उन कामों की घोषणाएं की हैं जिनका काम शहर में शुरू हो चुका है या फिर जिनकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। महापौर ने इस बार फिर बीते बजट की कई घोषणाओं को भी दोहराया।
इनमें नगर निगम की टेस्ट लैब खोलने और सब्जी मंडी मैदान पर नगर निगम का नया दफ्तर बनाने का दावा किया है। शहर के कई वार्डों में नई पार्किंग बनाने का भी फैसला लिया है। इसके अलावा पार्क, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था भी की जाएगी। कमाई बढ़ाने के लिए नगर निगम ने बीते बजट की तरह इस बार भी बाहरी राज्यों के वाहनों से शिमला में प्रवेश पर ग्रीन टैक्स वसूलने का फैसला लिया है। इसकी फाइल बीते तीन साल से सरकार के पास धूल फांक रही है। सरकार की मंजूरी नहीं मिली है। इस बार फिर निगम इसकी मंजूरी के लिए कोशिश करेगा।
यहां बनेंगी नई पार्किंग
शहर के मज्याठ, समरहिल, बालूगंज, फागली, इंजनघर, ढली, शांति विहार, पंथाघाटी, कसुम्पटी, छोटा शिमला, पटयोग, न्यू शिमला, खलीनी और विकासनगर में स्मार्ट सिटी मिशन के फेज चार और पांच के तहत नई पार्किंग बनाई जाएंगी। इन पर 9.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे। स्मार्ट सिटी फेज दो के तहत 1.45 करोड़ रुपये से डिंगरा इस्टेट बालूगंज, दक्षिण विहार, शांति विहार इंजनघर, ठाकुर निवास मल्याणा, एसडीए कांप्लेक्स पंथाघाटी में पार्किंग बनाई जाएगी। टुटू के यादगार और विजयनगर में अमृत मिशन के 87 लाख रुपये से पार्किंग तैयार की जाएगी। स्मार्ट सिटी फेज तीन में जीवणू कालोनी पार्किंग में 17 लाख खर्च कर पार्किंग विस्तार होगा। सेंट जेवियर के पास दो करोड़ से पार्किंग बनेगी।
1000 स्ट्रीट लाइटें लगेंगी, सरकारी भवनों पर लगेंगे सोलर पैनल
स्मार्ट सिटी से जारी 4 करोड़ से शहर में 1000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। सभी वार्डों में छोटे पार्क विकसित करने के लिए 2.09 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बैनमोर वार्ड के ओकओवर के पास बन रहे पार्क को स्मार्ट सिटी फेज दो के तहत और विकसित किया जाएगा। इस पर 2.26 करोड़ खर्च होंगे। संजौली में 2.10 करोड़ से जल भंडारण टैंक बनेगा। दो करोड़ रुपये से सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे जो बिजली पैदा करेंगे।