हिल्सक्वीन शिमला में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों से ग्रीन फीस वसूलने के प्रस्ताव को नगर निगम हाउस ने मंजूरी दे दी है। मंगलवार को हाउस के दौरान पार्षदों के साथ चर्चा के बाद प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। हालांकि चर्चा के दौरान भाजपा के पार्षदों ने ग्रीन फीस लागू करने को लेकर अपनी आपत्तियां भी दर्ज करवाई।
विज्ञापन
बैठक की अध्यक्षता निगम महापौर संजय चौहान ने की। नगर निगम आयुक्त पंकज राय ने ग्रीन फीस वसूली को लेकर पिछले हाउस में पार्षदों द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर तैयार किया गया प्रस्ताव निगम हाउस के समक्ष रखा। आयुक्त ने बताया कि ग्रीन फीस वसूली को अधिक से अधिक सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया गया है।
अब बाहरी राज्यों से आने वाले लोग नेशनल हाईवे पर इंटरनेट शॉप पर भी ग्रीन फीस जमा करवा सकेंगे। हाउस में ग्रीन फीस वसूली का प्रस्ताव पास होने के बाद अब इसे अनुमति के लिए प्रदेश सरकार को भेजेगा। सरकार की अनुमति के बाद सितंबर माह में व्यवस्था लागू हो सकती है।
विज्ञापन
भाजपा पार्षदों ने दिया पर्यटन कारोबार प्रभावित होने का हवाला
शहर के ऐसे लोगों का विवरण जिनके पास बाहरी नंबर वाली गाड़ियां है संबंधित वार्ड के पार्षद नगर निगम को देंगे।
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम के भाजपा पार्षदों अनूप वैद्य, मनोज कुठियाला, शैलेंद्र चौहान, कला शर्मा और सरोज ठाकुर ने शहर में ग्रीन फीस शुरू का विरोध किया। पार्षदों ने तर्क दिया कि ग्रीन फीस लगने से सैलानियों की आमद कम हो जाएगी और शिमला में पर्यटन कारोबार प्रभावित होगा। नगर निगम को पर्यटन कारोबारियों को विश्वास में लेकर फैसला लेना चाहिए था।
-कांग्रेसी पार्षदों की दो टूक, सैलरी में न बंटे ग्रीन फीस
नगर निगम के कांग्रेसी पार्षद शशि शेखर चिन्नू, सुरेंद्र चौहान, सुशांत कपरेट, सुषमा कुठियाला, इंद्रजीत सिंह और संजय परमार ने निगम प्रशासन को ग्रीन फीस से होने वाली आमदनी के लिए अलग अकाउंट बना कर इसे पर्यावरण संरक्षण पर ही खर्च करने की कड़ी हिदायत दी।
- क्या होगा फायदा
1. पेश नहीं आएगी ट्रैफिक की समस्या
2. ऐप की मदद से होगी कैश लेस मैनेजमेंट
3. एमआईएस के जरिये वाहन की ट्रेकिंग भी संभव
4. एमसी के पास रहेगा टूरिस्टों के मोबाइल नंबर का डाटा
5. ब्लक मेसेज के जरिये एमसी टूरिस्टों से कर सकेगा संवाद
पार्षद देंगे लोकल लोगों की बाहरी नंबर वाली गाड़ियों का विवरण
शहर के ऐसे लोगों का विवरण जिनके पास बाहरी नंबर वाली गाड़ियां है संबंधित वार्ड के पार्षद नगर निगम को देंगे। ऐसे वाहनों की लिस्ट तैयार कर साफ्टवेयर में डाली जाएगी ताकि स्थानीय लोगों पर ग्रीन फीस का बोझ न पड़े।
हाउस ने करोड़ों के प्रस्तावों को दी स्वीकृति
नगर निगम की आम सभा में शहर के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइट प्वाइंट लगाने के लिए 1.19 करोड़ के बजट को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा दिव्या नगर से विजय नगर तक एंबुलेंस रोड का निर्माण करने के लिए 6.39 लाख के बजट को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में जंगली ग्राउंड टूटीकंडी में फेंसिंग का कार्य करवाने के लिए 9.22 लाख की स्वीकृति दी गई।
इसके अतिरिक्त मेन रोड पवाबो से कुफ्टाधार पंचायत घर पगोग तक तारकोल बिछाने को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में फैसला लिया गया कि लाल बहादुर शास्त्री कामगार एवं शास्त्री आजीविका योजना के तहत शहर में सड़कों, पैदल रास्ते, स्ट्रीट और स्ट्राम वाटर ड्रेनेज, गार्डन व बच्चों के पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
- पानी के चार टैंकर खरीदने को मंजूरी
हाउस के दौरान अमृत मिशन के तहत शहर के लिए 4 पानी के टैंकर खरीदने को भी स्वीकृति दी गई। नगर निगम 72 लाख रुपये खर्च कर नए टैंकर खरीदेगा। मौजूदा समय में निगम के पास केवल एक ही नया पानी का टैंकर है।