शहर में तीसरे दिन आ रहा है अभी पानी
पार्षदों ने उठाए सवाल, कंपनी को घेरने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम की इस साल की आखिरी मासिक बैठक मंगलवार को मेयर सत्या कौंडल की अध्यक्षता में होगी। डीसी कार्यालय परिसर स्थित बचत भवन में दोपहर ढाई बजे होने वाली इस बैठक में पेयजल और पेड़ कटान मामले पर हंगामा होने के आसार हैं।
शहर में पेयजल कंपनी तीसरे दिन पानी की सप्लाई दे रही है। होटलों में भी पानी का संकट खड़ा हो रहा है। पार्षदों ने इस पर सवाल उठाए हैं। सदन में भी कुछ पार्षदों ने इस बारे में सवाल लगाए हैं। इसके अलावा पंथाघाटी और कसुम्पटी क्षेत्र में निजी जमीन पर हरे पेड़ काटे जाने को लेकर भी सदन में हंगामा हो सकता है। कांग्रेस पार्षद राकेश चौहान ने इस मामले में नगर निगम प्रशासन से रिकॉर्ड मांगा है। सदन में जाखू पार्किंग में अवैध वसूली करने, पंथाघाटी में एंबुलेंस रोड बनाने, भरयाल में शेड बनाने और सड़क चौड़ी करने, दो गरीब परिवारों को घर मुहैया करवाने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। कई पार्षद अपने वार्डों में निर्माण कार्य शुरू न होने पर भी प्रशासन को घेरने की तैयारी कर रहे हैं। सोमवार को भाजपा के सभी पार्षद और मेयर पीएम मोदी की मंडी रैली में पहुंचे थे। देर शाम कई पार्षद वापस शिमला पहुंच गए हैं। मंगलवार को यह बचत भवन में होने वाली बैठक में पहुंचेंगे।