फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब पानी की टंकी साफ नहीं करवाई तो लगेगा जुर्माना

Thu, 18 Feb 2016 09:23 AM IST
विश्वास भारद्वाज/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
राजधानी शिमला के लोगों को अब अपने घरों की पानी की टंकियां हर छह महीने में अनिवार्य रूप से साफ करनी होगी। पानी की टंकी साफ न करवाने की सूरत में बिल पर सरचार्ज लगेगा। शहर में पीलिया फैलने के बाद नगर निगम ने वाटर बायलॉज में संशोधन का फैसला लिया है, नगर निगम के हाउस में इस पर अंतिम मुहर लगेगी। पीने के पानी की टंकियां सालों साल साफ न करवाने की आदत अब शहर के लोगों को महंगी पड़ेगी।
विज्ञापन


शहर के 32 हजार उपभोक्ताओं को अब हर साल जनवरी और जुलाई में अपनी पानी की टंकियां साफ कर नगर निगम को प्रमाणपत्र देना होगा। पानी के बिल में ही प्रमाणपत्र प्रिंट करने की योजना है, जिस पर हस्ताक्षर कर जमा करवाना होगा। काउंटर पर बिल तभी जमा होगा जब प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर होंगे। बिल जमा न होने की सूरत में उपभोक्ता को हर महीने सरचार्ज लगेगा। उपभोक्ताओं को बिना टंकी साफ करवाए प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर करना महंगा पड़ेगा। नगर निगम की टीमें वार्ड स्तर पर औचक निरीक्षण करेंगी और टंकी दूषित पाए जाने पर जुर्माना लगेगा।

जल्द हाउस में लाया जाएगा प्रस्ताव
शहर के लोग नियमित तौर पर अपनी पानी की टंकियां साफ करें इसके लिए वाटर बायलॉज में संशोधन किया जा रहा है। लोगों को हर छह माह में पानी की टंकी साफ कर बिल के साथ इसे लेकर प्रमाण पत्र देना होगा। नगर निगम के हाउस में प्रस्ताव पर अंतिम फैसला होगा। शहर में पीलिया को रोकथाम के लिए नगर निगम की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पीलिया की रोकथाम के लिए शहर के लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। इसके लिए भी एमसी ने अभियान छेड़ रखा है। लोगों से आह्वान है कि समय-समय पर घरों में पेयजल की टंकियों को साफ करें।- पंकज राय, आयुक्त, नगर निगम
विज्ञापन


जुलाई के बिल के साथ देना होगा प्रमाणपत्र
पानी के बिल के साथ टंकी की सफाई को लेकर अंडरटेकिंग देने के बाद अगर आपकी टंकी दूषित पाई जाती है तो आप पर भारी जुर्माना लग सकता है। नगर निगम की टीमें वार्ड स्तर पर औचक निरीक्षण कर लोगों की पानी की टंकियां जांचेगी, जिन लोगों की टंकियां दूषित पाई जाएगी उन्हें भारी भरकम जुर्माना लगेगा। एमसी इसके लिए अभियान छेड़ेगा।

प्लंबर चाहिए तो 1916 पर करें संपर्क
आपको अपने घर की पानी की टंकी साफ करने के लिए अगर प्लंबर चाहिए तो 1916 पर कॉल करें। नगर निगम के कंट्रोल रूम से आपको आपके इलाके के प्लंबर का नंबर उपलब्ध करवा दिया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने कंट्रोल रूम में सभी वार्डों के नोडल अफसरों और प्लंबरों की सूची उपलब्ध करवा दी है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें