घाटे में रहने के बावजूद बजट में कई बड़े तोहफे, महापौर का दावा, हर वर्ग का रखा जाएगा ख्याल
शिमला। भाजपा शासित नगर निगम का चौथा वार्षिक बजट वीरवार सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा। मेयर सत्या कौंडल अपने दूसरे बजट में शहरवासियों को कई नई सौगातें देने की घोषणाएं करेंगी।
नगर निगम की सेवाएं ऑनलाइन करने से लेकर शहर में पार्क, पार्किंग समेत कई नए प्रोजेक्टों का एलान किया जा सकता है। बजट भाषण में पिछले साल के बजट की घोषणाओं को लेकर भी चर्चा होने वाली है। इसके अलावा बजट में इस बार नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए ग्रीन फीस शुरू करने पर भी फैसला हो सकता है। नगर निगम के लंबित किरायों की रिकवरी, कई महकमों से शेयर न मिलने और सरकार से ग्रांट बढ़ाने की मांग जैसे प्रस्तावों पर चर्चा होगी। मेयर सत्या कौंडल ने कहा कि कोरोना के चलते नगर निगम भले ही घाटे में रहा है, लेकिन इसके बावजूद बजट में शहर की जनता के लिए कई सौगातों का पिटारा खोला जाएगा। बुधवार को दिन भर नगर निगम प्रशासन बजट तैयार करने में जुटा रहा। बजट में इस बार स्मार्ट सिटी और अम्रुत के पैसों से शहरवासियों को सुविधाएं देने के सपने दिखाए जा सकते हैं।
आंकड़े
साल 2019 में 297 तो बीते साल 225 करोड़ का बजट किया था पेश
मेयर सत्या कौंडल का दूसरा बजट होगा
नगर निगम में भाजपा का चौथा बजट होगा
पिछले बजट की घोषणाएं जो पूरी हुईं
ऑनलाइन बिल भुगतान पर 10 से 100 रुपये तक का डिस्कांउट
ई विधान प्रोजेक्ट भी लगभग तैयार
विकासनगर में बना वेंडिंग जोन
शहर के कई छोटी पार्किंग का निर्माण, नई लाइटें लगीं, नालों का चैनलाइजेशन, पक्के हुए सड़कें रास्ते
घोषणाएं जो रह गईं अधूरी
निगम नहीं बना पाया मोबाइल ऐप, पार्क भी नहीं हुए स्मार्ट, वाईफाई की घोषणा अधूरी
नगर निगम में नहीं भरे खाली पद, लोकमित्र केंद्रों में नहीं मिली बिल जमा करने की सुविधा
पंथाघाटी में नहीं बना सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वार्डों में सीवरेज लाइनें भी कम बिछीं
बेलगाम हुई निगम की बनाई
कंपनी, शेयर तक नहीं दिया
बजट और मासिक बैठक के दौरान पेयजल कंपनी को लेकर भी चर्चा होने वाली है। पेयजल व्यवस्था संभालने के लिए नगर निगम की बनाई कंपनी अब निगम को एक भी पैसा नहीं दे रही। निगम का कंपनी में 51 फीसदी शेयर है और हर साल 16 करोड़ मिलना चाहिए था। तीन साल के 48 करोड़ रुपये बनते हैं। लेकिन कई पत्र लिखने के बावजूद निगम को एक भी पैसा नसीब नहीं हो रहा। बजट में इस पैसे के एवज में सरकार से बजट देने की मांग होने वाली है।
पूर्व पार्षद ने बजट को लेकर दिए सुझाव
शिमला। छोटा शिमला से पूर्व पार्षद सुरेंद्र चौहान की अगुवाई में वीरवार को मेयर ऑफिस पहुंचे एक प्रतिनिधिमंडल ने बजट को लेकर अपने लिखित सुझाव दिए हैं। इसमें छोटा शिमला एरिया में इंडोर स्टेडियम बनाने के सुझाव शामिल हैं।