भारत सरकार ने इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला और डॉ.
राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में अकादमिक सत्र 2015-16 के
लिए एमबीबीएस पाठ्यक्रम में 200 विद्यार्थियों के दाखिले की अनुमति प्रदान
की है। प्रत्येक कॉलेज में एमबीबीएस की 100-100 सीटें रहेंगी।
अतिरिक्त
मुख्य सचिव स्वास्थ्य विनीत चौधरी ने इसकी पुष्टि की है। भारत सरकार ने
भारतीय चिकित्सा परिषद की संस्तुतियों को मंजूरी प्रदान की है। भारतीय
चिकित्सा परिषद ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा का औचक
निरीक्षण कर कुछ कमियों को इंगित किया था, जिन्हें प्रदेश सरकार ने दूर
किया है।
भारतीय चिकित्सा परिषद ने मंजूरी के लिए अंतिम संस्तुति
भेजने से पूर्व नियमों की अनुपालना की पुष्टि के लिए 8 अप्रैल, 2015 को एक
और औचक निरीक्षण किया था। प्रदेश सरकार ने भारतीय चिकित्सा परिषद के दल की
ओर से इंगित की गई कमियों को दूर करने के लिए गंभीर प्रयास किए।
मुख्यमंत्री
वीरभद्र सिंह और स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार के समक्ष चिकित्सा
महाविद्यालयों में सीटों को मंजूरी प्रदान करने का मामला भी उठाया था।
केंद्र सरकार का यह फैसला एमबीबीएस की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों एवं
उनके अभिभावकों के लिए बड़ी राहत प्रदान करेगा। कुल मिलाकर अब दोनों
अस्पतालों में दो सौ सीटें भरी जाएंगी।