अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। स्पेन के बार्सिलोना शहर में हुए स्मार्ट सिटी मिशन के वर्ल्ड कांग्रेस (सम्मेलन) कार्यक्रम में शिमला शहर में हो रहे करोड़ों रुपये के नए कार्यों की रिपोर्ट पेश की गई। कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान और शहरी विधायक हरीश जनारथा ने यह रिपोर्ट पेश की।
उन्होंने बताया कि शिमला में 750 करोड़ रुपये से ज्यादा के कामों को किया गया है। शहर में ढली टनल, लिफ्ट, स्मार्ट फुटपाथ, एस्केलेटर, पार्किंग समेत कई बड़े प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं। कई प्रोजेक्टों पर काम भी चल रहा है। आने वाले दिनों में टॉलैंड से आईजीएमसी टनल का निर्माण होना है। सरकार इसके लिए बजट भी दे रही है। नगर निगम शिमला जनता से जुड़ी सुविधाओं को आनलाइन भी कर रहा है। इससे आम जनता को सुविधा हो रही है। टैक्स वसूली और नक्शे पास करने की नई व्यवस्था भी तैयार की गई है। शिमला में बनने वाले रोपवे प्रोजेक्ट पर भी मेयर ने जानकारी दी। कहा कि इससे शहर में यातायात बेहतर होगा। महापौर ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान सोलर एनर्जी पर भी कई प्रोजेक्ट पेश किए गए हैं। शिमला शहर में भी इन पर योजना तैयार हो सकती है। इस पर जल्द प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। पांच से सात नवंबर तक बार्सिलोना में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।