वृद्ध महिला से क्रूरता मामले में दबाव बढ़ता देख पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने सोमवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जसवंत सिंह, संतोष कुमारी और बीना देवी शामिल हैं। तीनों पर कई धाराएं लगाई गई हैं। इन सभी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पीड़िता के गांव में भी पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है।
रविवार को गिरफ्तार किए चार आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में अब तक 24 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। आरोपियों में 15 पुरुष जबकि 9 महिलाएं शामिल हैं। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने बताया कि गांव में पुलिस की गश्त जारी है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है
वृद्धा से क्रूरता मामले के तार जमीन विवाद से जुड़े हो सकते हैं। सोमवार को पीड़िता के दामाद ने एसपी मंडी को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की थी, जिस पर बुजुर्ग की सुरक्षा के लिए दो पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। दामाद ने ज्ञापन में कहा है कि अगर आरोपियों से सख्ती से पूछताछ हो तो रिश्तेदारों के नाम इस प्रकरण में सामने आएंगे।
उन्होंने आशंका जताई कि अपने ही रिश्तेदार संपत्ति को हड़पने की फिराक में हैं। इसीलिए रिश्तेदार उनकी सास को जान से मारने को तैयार हो गए हैं। आरोप लगाया कि कुछ रिश्तेदार जमीन हड़पने और जेल भेजने की धमकियां देते थे। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन की कार्यप्रणाली से वह संतुष्ट हैं व मानते हैं कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि पीड़ित वृद्धा की दो बेटियां हैं। वह अब बेटियों के पास रहती हैं।
क्या है मामला
नौ नवंबर को सरकाघाट की गाहर पंचायत में ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला पर जादूटोना करने और डायन होने का आरोप लगाते हुए उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। महिला के बाल काटे, उसके चेहरे पर कालिख पोती और गले में जूतों की माला पहनाकर देवता के रथ के आगे घसीटा गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा। इसी बीच सीएम जयराम ने भी मामले की जांच के आदेश दिए।