लोक निर्माण विभाग ने रात सात बजे वन वे को खोला ट्रैफिक
विज्ञापन
शिमला पुलिस ने वैकल्पिक सड़कों से भेजे वाहन अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के संजौली-ढली बाईपास में लंबीधार में वीरवार शाम करीब सवा पांच बजे पहाड़ी के दरकने से भारी भूस्खलन हुआ। इसमें भारी चट्टानें, एक पेड़ और ट्रनों के हिसाब से मलबा पहाड़ी से संजौली-ढली बाईपास पर आ गया।
इससे सड़क पर दो घंटे तक यातायात पूरी तरह से बंद रखा गया। सवा पांच बजे हुए इस भूस्खलन की सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग की दो मशीनों को दोनों ओर मलबा हटाने के कार्य में लगाया। सवा सात बजे तक लोक निर्माण विभाग ने सड़क से मलबा हटाकर इसे वन वे बहाल कर दिया था। इसके बाद इस सड़क से एक तरफ का ट्रैफिक रोक कर बारी-बारी से दोनों ओर से वाहनों को चलाया जा रहा है। भूस्खलन होने के बाद सक्रिय हुए पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता को संजौली-ढली बाईपास को वाहनों के लिए बंद किए जाने की सूचना सार्वजनिक की और वाहन मालिकों को वैकल्पिक सड़क का उपयोग करने की सलाह दी।
भूस्खलन के बाद से लेकर सड़क के वन वे होने तक वाहनों को संजौली बाजार और अन्य वैकल्पिक सड़कों से भेजने की व्यवस्था की गई। मौके पर पुलिस के जवानों की तैनाती भी की गई, जिससे ट्रैफिक संचालन में कोई परेशानी न रहे। मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता गौरव रावत ने बताया कि सड़क पर आए मलबे को हटाने का कार्य कल ही किया जाएगा। लंबीधार में भूस्खलन वाले स्थान पर एक प्लॉट की कटिंग कुछ दिन पूर्व की गई थी। कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि साथ के प्लॉट मालिक ने शुक्रवार सुबह भूस्खलन के मलबे को हटाने की बात मानी है। इससे शुक्रवार को दोपहर बाद तक सड़क पर दोनों ओर से ट्रैफिक शुरू होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन कौंडल ने बताया कि मौके पर मौजूद कनिष्ठ अभियंता की ओर से मिली जानकारी के अनुसार इस भूस्खलन से कोई जान-माल का नुकसान की सूचना नहीं है। मलबा उठाए जाने पर ही मालूम होगा कि मलबे के नीचे कोई गाड़ी तो नहीं दबी थी।