सिंह ने किया शुभारंभ
पाहल, नीन और घैनी के लिए बन रही है पेयजल योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जिले के मशोबरा और सुन्नी में आयोजित खंड स्तरीय अंडर-19 गर्ल्स टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।
तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नीन और सुन्नी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पटुखर में किया जा रहा है। नीन स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि देश की बेटियों ने इस वर्ष ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया है। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पंचायत पाहल, नीन और घैनी के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण हो रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का निर्माण कार्य पांच माह के भीतर पूरा किया जाए। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में देवीधार से न्योठ तक सड़क बनेगी। इसके लिए 15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव नाबार्ड को भेजा है। उन्होंने नीन के स्कूल मैदान के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी और नीन से गॉड संपर्क मार्ग के लिए 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। इसके अलावा नीन पंचायत के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में कांग्रेस के उपाध्यक्ष नीमचंद वर्मा, मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, नगर पंचायत सुन्नी के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
रियोग के लिए बनेगी सिंचाई योजना
सुन्नी के पटुखर में आयोजित कार्यक्रम में विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र की रियोग पंचायत को सिंचाई परियोजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस परियोजना का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए और अगले वित्तीय वर्ष में इसके लिए बजट प्रावधान करने की घोषणा की। कहा कि सुन्नी शहर के लिए 25 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने ह्यून में 72 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू करने का एलान किया।