शहर में तहबाजारी जोन चिह्नित करने का सर्वेक्षण पूरा, आज टाउन वेडिंग कमेटी की बैठक में लगेगी मुहर
विज्ञापन
तहबाजारियों को कब और कैसे आवंटित होंगे स्थान, इस पर भी होगी चर्चा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में तहबाजारियों को दुकानें सजाने के लिए जल्द ही जगह आवंटित की जाएगी। नगर निगम ने शहर में तहबाजारी जोन चिह्नित करने के लिए सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। सर्वेक्षण की रिपोर्ट शनिवार को नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री की अध्यक्षता में होने वाली टाउन वेडिंग कमेटी की बैठक में पेश की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार बैठक में इस रिपोर्ट पर मुहर लगाई जाएगी। इसके बाद नगर निगम सदन में भी इस पर चर्चा की जाएगी। मंजूरी मिलने पर तहबाजारियों की दुकानों के लिए येलो या ब्लू लाइनें लगाई जाएंगी। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री, कार्यकारी संयुक्त आयुक्त डॉ. चेतन चौहान की अगुवाई नगर निगम टीम ने सर्वेक्षण में चिह्नित की जगह का निरीक्षण भी कर लिया है। इसे सही पाया गया है। अब इन जगहों का कब और कैसे तहबाजारियों को आवंटन किया जाएगा इस पर शनिवार को फैसला होना है। तहबाजारी को जो जगह आवंटित होगी उस पर दुकान का नंबर भी अंकित किया जाएगा। शिमला शहर में कुल कितने तहबाजारी हैं, नगर निगम इसका भी वीडियोग्राफी के साथ सर्वेक्षण कर रहा है। निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि बैठक में सर्वेक्षण की रिपोर्ट को रखा जाएगा।
दुकानों के आगे नहीं बैठेंगे अब तहबाजारी
नए सर्वेक्षण के अनुसार शहर के लोअर बाजार, रामबाजार समेत अन्य बाजारों में अब दुकानों के आगे सड़कों पर तहबाजारी सामान नहीं बेच पाएंगे। इसे पूरी तरह से नो वेंडिंग जोन चिह्नित करने की तैयारी है। अभी दुकानों के आगे सजने वाले तहबाजारियों के सामान से आम जनता को परेशानी होती है। बाजार में अतिक्रमण बढ़ने से दमकल वाहन और एंबुलेंस भी कई बार फंस चुके हैं। अब जगह चिह्नित होने से अब अवैध रूप से बैठे तहबाजारियों पर कार्रवाई की जा सकेगी।