फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम बोले, ढली में बनेगा आधुनिक विपणन यार्ड

Sat, 27 Dec 2014 01:29 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिमला स्थित ढली सब्जी मंडी में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर इसे आधुनिक विपणन यार्ड के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जुब्बल कोटखाई नावर एसोसिएशन द्वारा आयोजित मिलन कार्यक्रम नीव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के किसानों और बागवानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में किसानों की सुविधा के लिए आधुनिक विपणन यार्ड स्थापित किए जा रहे हैं।

ढली विपणन यार्ड में कोल्ड स्टोर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। यह यार्ड शिमला के सेब उत्पादक क्षेत्रों से जुड़ी है और यहां से प्रदेश के बाहर उत्पाद भेजना आसान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा के लिए कुल्लू, सोलन, कांगड़ा तथा अन्य क्षेत्रों में बड़े मार्किंटिंग यार्ड स्थापित कर रही है।
विज्ञापन


ताकि उन्हें विपणन की बेहतर सुविधा मिल सके और उनकी आर्थिकी को और मजबूत किया जा सके। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन का कार्यक्रम आयोजित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं की क्षमता को राष्ट्रीय निर्माण की ओर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

इससे पूर्व एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास चौहान ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य अतिथियों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

ढली में बस अड्डा की मिलेगी सुविधा
ढली में नए बस अड्डे के निर्माण का प्रस्ताव है। इसके सभी पहलुओं पर विचार करके इसे विकसित किया जाएगा। यह बस स्टैंड प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों को जोड़ने के अलावा धामी से होकर मंडी और सोलन जिला को भी जोड़ता है। इसके लिए विशेषज्ञों की सलाह ली जाएगी। इससे शिमला जिला के ऊपरी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

ठियोग-रोहड़ू सड़क की बदहाली को पूर्व सरकार जिम्मेवार
वीरभद्र सिंह ने कहा कि विश्व बैंक की सहायता से बन रहे ठियोग-हाटकोटी-रोहड़ू मार्ग के कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए कदम उठाए गए हैं। पूर्व सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान इस मार्ग को पूरी तरह नजरअंदाज किया और कंपनी को प्रोत्साहन देने के बजाय वे सड़क के निर्माण के लिए भूमि अधिगृहीत करने में भी नाकाम रहे।

पूर्व सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण यह परियोजना अधर में लटकती रही। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही परियोजना की निविदाएं पुन: आमंत्रित की। सड़क निर्माण के कार्य को निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा करने के लिए सीएंडसी कंपनी को निर्देश जारी किए हैं।

यह गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, जिला कांग्रेस समिति (ग्रामीण) के अध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमुडा के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रदेश पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा, हिमाचल प्रदेश लघु उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, एपीएमसी शिमला तथा किन्नौर के अध्यक्ष महेंद्र सतान, एपीएमसी कुल्लू तथा लाहौल स्पीति के अध्यक्ष उपेंद्रकांत मिश्रा, विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक एचएम बावेजा सहित कई अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें