प्रदेश के कई जिलों में देर रात और तड़के सुबह भारी बारिश से यातायात ठप हो गया है। लैंड स्लाइडिंग से कई सड़कें बंद हो गई हैं। जिला मंडी और कुल्लू में भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है।
शनिवार सुबह मंडी में पडोह के पास भारी भू स्खलन होने से यातायात ठप हो गया । सड़क पर भारी मात्रा में चट्टानें गिरने से मनाली आने जाने वाली गाड़ियां भी फंस गई। इन्हें हटाने के लिए प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया गया। कई घंटों की मेहनत के बाद दोपहर तक इसे बहाल कर दिया गया है।
उधर, कुल्लू में सैंज घांटी के पास पागल नाला आने से सैंज लारजी सड़कमार्ग बंद हो गया है। यातायात ठप होने से लोगों को पैदल चलना पड़ रहा है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी भारी बारिश की सूचना है।
शिमला और इसके आसपास के इलाकों में सुबह करीब नौ बजे हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।