लक्ष्मी बाई बातल संघ से जुड़कर महिलाएं गोबर के उत्पाद बनाकर कर रही हैं खूब कमाई
विज्ञापन
तीन महीने में ही जुड़ चुकी हैं 1500 महिलाएं संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। तीन माह पहले 25 ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार की डगर पर उतरीं और आज उनके साथ 1500 महिलाएं जुड़ चुकी हैं। सोलन जिले के अर्की क्षेत्र के लक्ष्मी बाई संघ बातल स्वयं सहायता समूह की सदस्य अब सबके लिए मिसाल पेश कर रही हैं।
राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर चल रहे सरस मेले में यह स्वयं सहायता समूह न सिर्फ अपने बनाए उत्पाद बेच रहा है बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश भी दे रहा है। प्रदेशभर में प्रदर्शनी लगाने वाला यह संघ अब ऑनलाइन अपने उत्पादों की बिक्री कर रहा है। दिवाली पर गोबर से धूप, अगरबत्ती और दीया बनाकर सबसे पहले बातल गांव की गृहिणी रोशनी भारद्वाज ने इस स्वरोजगार की नींव रखी। संघ की शुरुआत में 25 महिलाएं इससे जुड़ गईं। काम बढ़ा, महिलाओं की संख्या भी बढ़ने लगी। सरस मेले में रोशनी की बनाई अगरबत्ती की महक सभी पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
विज्ञापन
पूजा सामग्री भी लोगों को खूब पसंद आ रही है। इस सामग्री की खासियत है कि यह पूरी तरह से ऑर्गेनिक है। सरस मेले के दूसरे दिन शनिवार को रिज मैदान पर लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। हिमाचली व्यंजनों वाले स्टॉल पर सुबह से ही लोगों की लाइनें देखने को मिली। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की अच्छी कमाई हुई है। वीकेंड के चलते रविवार को भी सरस मेले में लोगों और सैलानियों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
मुफ्त में सिखाते हैं उत्पाद बनाना संघ की महिलाओं को काम करने के लिए मुफ्त में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद महिलाएं खुद उत्पाद बनाती हैं और उसे बेचती हैं। संघ की प्रधान रोशनी भारद्वाज ने बताया कि अब हर महिला को राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षण मिल रहा है। इससे काम सीखने में आसानी हुई है। हिमाचल देवभूमि है और रोजाना सुबह उठते ही सबसे पहले लोग देवी-देवताओं की पूजा कर धूप और अगरबत्ती जलाते हैं। कंपनियों की ओर से तैयार की जाने वाली पूजा सामग्री में मिलावट की आशंका रहती है। इसलिए उनका संघ गाय के गोबर से बनी पूजा की सामग्री बना रहा है। इसकी मांग भी अब खूब है। मेले में बेचने के लिए पूजा सामग्री के गिफ्ट पैक हैं। इनमें धूप, अगरबत्ती, दीया, मोमबत्ती और समरानी शामिल है। धूप-अगरबत्ती अलग-अलग पैक भी बेचे जा रहे हैं। इनकी कीमत 35 रुपये से लेकर 700 रुपये तक है।