कुल्लू। केंद्र सरकार की ओर से संचालित मनरेगा योजना में बाह्य सराज के आनी-निरमंड खंड अव्वल रहे हैं। बीते साल भी इन दोनों खड़ों में सबसे ज्यादा मनरेगा के कार्य दिवस सृजित किए थे। चालू वर्ष में भी आनी और निरमंड खंड अव्वल चल रहे हैं। वर्ष 2020-21 में आनी विकास खंड में कुल्लू जिले में सबसे ज्यादा पांच लाख 20 हजार 622 कार्य दिवस सृजित हुए। निरमंड खंड चार लाख 82 हजार 833 कार्य दिवस सृजित कर जिलाभर में दूसरे स्थान पर रहा। इस दौरान आनी में 12.15 करोड़ रुपये मनरेगा में खर्च हुए। निरमंड में 15.38 करोड़ रुपये की राशि मनरेगा के विभिन्न मदों में खर्च हुई।
कोरोना काल में शुरु की गई मुख्यमंत्री एक बीघा योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र में अभी तक 724 मामले स्वीकृत किए जा चुके हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शुरु हुई इस योजना को सरकार ने मनरेगा से जोड़ा है। इसमें अधिकतर महिलाओं को लाभ दिया गया है। डीआरडीए के जिला परियोजना अधिकारी कुल्लू सुरजीत ठाकुर ने कहा कि वित वर्ष में मनरेगा कार्य में बाह्य सराज के दोनों खंड आनी-निरमंड अव्वल चल रहे हैं।