फॉरेस्ट गार्ड होशियार सिंह की मौत की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग को लेकर जनता सड़कों पर उतर आई है। हिमाचल के मंडी जिला के जंजैहली की सड़कों पर लोगों ने मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान बाजार भी बंद रहे। पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेताया है कि यदि 29 जून तक मामला सीबीआई को नहीं सौंपा जाता है तो जनता शिमला में महाप्रदर्शन करेगी। यदि सरकार इस महा प्रदर्शन से भी नहीं जागेगी तो इसके 24 घंटे बाद चक्का जाम व प्रदेश सरकार के मंत्रियों का घेराव किया जाएगा।
मंगलवार को जंजैहली बाजार में सुबह करीब 11 बजे सराज की जनता सड़कों पर उतर कर खूब हल्ला बोला। लोगों ने मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। हर हाथ में तख्ती व चेहरे पर आक्रोश। प्रदर्शन में बच्चे, बूढ़े, महिलाएं हर कोई न्याय के लिए आवाज बुलंद करता दिखा। विरोध रैली सैंकड़ों की संख्या में सराज की दर्जनों पंचायतों के लोगों ने भाग लिया।
वन माफिया पर हल्ला बोल हल्ला बोल, आत्महत्या नहीं ये हत्या है हत्या है, जांच में लीपापोती नहीं चलेगी नहीं चलेगी, होशियार सिंह अमर रहे के नारों से बाजार गूंज उठा। इसके साथ ही सराज के अधिकतर बाजार भी सराज मंच के आहवान पर मंगलवार का बंद रहे।
होशियार को न्याय दिलाने के लिए हर घर से निकलेगा होशियार
सराज मंच के अध्यक्ष कुंदन लाल और सचिव नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने में पुलिस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। सोची समझी साजिश के तहत मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
लेकिन, सराज की जनता अपने बेटे को न्याय दिलाकर रहेगी। उन्होंने कहा सराज ने एक होशियार खोया है। लेकिन, होशियार को न्याय दिलाने के लिए हर घर से होशियार आज उठ खड़ा हुआ है।
सरकार! क्या गरीब की बच्चे की जान से महंगी है सीबीआई जांच?
सराज मंच के पदाधिकारियों ने पुलिस की जांच थ्योरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहर पीकर कोई कैसे पेड़ पर चढ़ेगा। यह बात गले से नीचे नहीं उतर रही है। उन्होंने कहा सरकार मामले की जांच केलिए एसआईटी का गठन करती है, लेकिन अगले ही दिन यह जांच सीआईडी को सौंप कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है।
उन्होंने कहा कि गरीब के बेटे की जान की इतनी कीमत नहीं है कि सीबीआई उसकी जांच करे या फिर सरकार अपनी एंजेसियों से ही जांच करवाकर मामले को दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जितनी बर्बरता से होशियार सिंह की हत्या की गई है। उतनी बर्बरता तो नापाक पाक ने भी नहीं दिखाई है।