नगर निगम शिमला में आखिरकार भाजपा की मेयर ने कुर्सी संभाल ली। नई मेयर और डिप्टी मेयर ने मंगलवार से नगर निगम शिमला में कार्यभार संभाल लिया है। मेयर कुसुम सदरेट सुबह 11 बजे महापौर कार्यालय पहुंची।
अपना पदभार संभालने से पहले मेयर ने कार्यालय में शुभ मुहूर्त में हवन पाठ करवाया। इसके बाद महापौर कुसुम सदरेट अपनी कुर्सी पर बैठीं। इसके बाद स्थानीय विधायक सुरेश भारद्वाज, पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा, भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त और भाजपा समर्थित पार्षदों ने उन्हें बधाई दी।
कार्यालय में मौजूद सभी लोगों ने मेयर के साथ इस यादगार लम्हें को कैमरों में कैद किया। नगर निगम के कमिश्नर जीएस नेगी समेत सभी अधिकारी भी मेयर को बधाई देने उनके कार्यालय पहुंचे। कमिश्नर ने मेयर को सभी अधिकारियों के साथ परिचित करवाया।
कमिश्नर ने मेयर कुसुम को नगर निगम में 30 जून को होने वाले सदन के एजेंडे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम की पुरानी समितियों की कार्यकारिणी को भंग कर नई समितियां बनाई जाएंगी।
इस दौरान मेयर ने शहर में रोजाना लोगों को पेयजल आपूर्ति देने, सप्लाई का समय बदलने को कहा। इस पर नगर अभियंता ने मेयर को बताया कि यह मुमकीन नहीं है। बरसात और लीकेज के कारण वह चौथे दिन ही शहर में लोगों को पानी की सप्लाई दे सकते हैं।
कमिश्नर ने मेयर से कहा कि आप निगम के एचओडी के साथ बैठक के लिए हमें समय दें और जो भी जरूरी फैसले लेना चाहती हैं बैठक में उन्हें उनके सामने रखें।