जिला पुलिस बद्दी के एसपी गौरव सिंह के तबादले से नाराज युवा नेता ने आत्मदाह की कोशिश की। विरोध-प्रदर्शन के दौरान बबलू पंडित ने खुद पर मिट्टी का तेल (केरोसिन) छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की।
बारिश की वजह से माचिस गीली थी। लिहाजा, जब वह माचिस जलाने लगे तो पहले से तैयार पुलिस वालों ने कंबल डालकर उन्हें बचा लिया। पंडित को गिरफ्तार कर पुलिस ने आत्महत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सीएम जयराम ठाकुर के नालागढ़ दौरे के दौरान अव्यवस्थाओं के चलते एसपी बद्दी गौरव सिंह और डीसी सोलन का तबादला कर दिया गया है।
गौरव सिंह यहां माफिया के खिलाफ अभियान चला चुके हैं इसलिए लोग उनके तबादले से नाराज हैं। बबलू पंडित ने पहले ही आत्मदाह की चेतावनी दी थी। इसी के चलते पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद थी।
बद्दी थाना प्रभारी एमआर नाइक की अगुवाई में वर्दीधारी पुलिस कर्मी सुरक्षा में तैनात रहे, जबकि 25 पुलिस जवान सादी वर्दी में ड्यूटी पर थे।
जैसे ही बबलू पंडित ने तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया तो पुलिस सुरक्षा शाखा के जवान चंद्रशेखर ने उन पर कंबल डाल दिया।
उधर, इससे पहले तबादले के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बबलू पंडित ने कहा कि उन्हें नवनियुक्त एसपी की ओर से आश्वासन मिला है कि पुलिस पहले की तर्ज पर अपनी कार्यशैली बरकरार रखेगी और क्षेत्र में माफिया के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगी।
जिला पुलिस बद्दी की नवनियुक्त एसपी रानी बिंदू सचदेवा ने कहा कि मनोहर लाल शर्मा उर्फ बबलू पंडित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है