ठियोग के साथ लगती धरेच पंचायत में घर के सामने लगी आग को काबू करते समय 21 साल के युवक की जान चली गई। हादसे के बाद युवक को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया था। जहां से चिकित्सकों ने इसे चंडीगढ़ ले जाने की सलाह दी थी। चार दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद विजय शर्मा की पीजीआई में मौत हो गई।
पंचायत प्रधान सत्या शर्मा ने बताया कि 21 जनवरी की दोपहर को केशव शर्मा के घर के सामने आग लग गई थी। उनका बेटा विजय आग को बुझाने चला गया, लेकिन बेकाबू आग ने विजय शर्मा को चपेट में ले लिया। ग्रामीणों और परिजनों ने विजय को किसी तरह से आग से निकाल कर प्राथमिक उपचार के लिए शिमला के आईजीएमसी पहुंचाया।
जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया। विजय संगीत में अपना भविष्य बना रहा था। विजय के पिता पेशे से पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और इस अग्निकांड के दौरान वह भी अपने घर पर ही थे। प्रधान सत्या ने प्रशासन से विजय के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।