सिर के बल जमीन पर गिरने से पहलवान गंभीर घायल हो गया था जिससे उसकी मौत हो गई।
चंबा जिले के भटियात के छलाड़ा गांव में छिंज मेले के दौरान कुश्ती लड़ते हुए 28 वर्षीय पहलवान की मौत हो गई। पहलवान को कुश्ती के दौरान गंभीर चोट आई थी जिसके बाद टांडा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन रास्ते में शाहपुर के पास पहलवान की मौत हो गई। पहलवान की पहचान सुरेंद्र पुत्र ओंकार निवासी गांव गगाहर के रूप में हुई है।
छलाड़ा गांव में शनिवार को छिंज मेले का आयोजन किया गया था जिसमें सुरेंद्र सिंह अपने विरोधी के साथ अखाड़े में जोर आजमाइश कर रहा था। इतने में विरोधी पहलवान ने अपने दांव से जब सुरेंद्र को पटखनी दी तो सुरेंद्र असंतुलित होकर सिर के बल जमीन पर गिरा। जिससे उसकी गर्दन में गंभीर चोट आने से वह घायल हो गया।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एसएचओ थाना चुवाड़ी महिंद्र सिंह राणा ने बताया कि मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने छिंज मेले में मौजूद दर्शकों और मेला कमेटी के बयान लिए हैं। पहलवान के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। डीएसपी चंबा वीर बहादुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की छानबीन जारी है।