संजौली के चलौंठी स्थित फौजी ढाबे में आग लगने से एक मजदूर की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक मूल रूप से नेपाल का निवासी है। पंद्रह दिन से इस ढाबे पर काम कर रहा था। सुबह साढ़े तीन बजे सड़क से गुजरते वक्त एक गाड़ी चालक ने आग लगने की सूचना ढाबे मालिक को दी। इसके बाद लोगों की मदद से ढाबे के दरवाजे को तोड़ा गया और भीतर सोये व्यक्ति को बहार निकाला लेकिन तब तक मजदूर की झुलसकर मौत हो चुकी थी।
हालांकि इसके बाद भी मजदूर को आईजीएमसी ले जाया गया जहां डाक्टरों ने इसे मृत घोषित कर दिया। संजौली के चलौंठी स्थित चलौंठी निवासी अमरचंद राठौर के ढाबे में अचानक सुबह करीब साढ़े तीन बजे आग लग गई। इसमें ढाबे के भीतर सो रहे मोहन सिंह (24) की जलकर मौत हो गई। सुबह करीब तीन बजे सड़क से गुजर रहे दिल्ली के एक टैक्सी चालक की नजर ढाबे में लगी आग पर पड़ी।
इसके बाद उसने ढाबे के शटर पर लिखे नंबर से ढाबे मालिक को सूचना दी। पौने चार बजे ढाबा मालिक ने इसकी सूचना अग्निशमन और पुलिस को दी और लोगों की मदद से मौके पर पहुंचा। अग्निशमन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा और नायब तहसीलदार एचएल गेज्टा भी मौके आए थे।