डिपुओं मेें सरसों और रिफाइंड तेल पांच से दस रुपये तक सस्ता देने की तैयारी है। थोक भाव के दामों में गिरावट आने के कारण तेल सस्ता मिल सकता है। खाद्य आपूर्ति निगम ने दोनों तेल के लिए कंपनियों से टेंडर आमंत्रित की है। 15 जून तक कंपनियां सैंपल जमा करेंगी। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बताया कि यह टेंडर तीन महीने के लिए होगा। जिस कंपनी के सैंपल पास होंगे, उनकी फाइनांशियल बिड खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि जुलाई से उपभोक्ताओं को डिपो में सस्ता तेल मिलने की संभावना है।
अभी एपीएल के उपभोक्ताओं को 127 रुपये रिफाइंड और 156 रुपये प्रति लीटर सरसों तेल दिया जा रहा है। बीपीएल के उपभोक्ताओं को 122 रुपये रिफाइंड और 151 रुपये सरसों तेल, जबकि करदाताओं को 144 रुपये रिफाइंड और 175 रुपये प्रति लीटर सरसों तेल मिल रहा है। जिन राशनकार्ड धारकों को जून में रिफाइंड और सरसों तेल नहीं मिला है, उन्हें जुलाई मेें मिलने वाले राशन के कोटे के साथ जून का कोटा भी दिया जाएगा। यह कोटा लैप्स नहीं होगा।