चुनाव के दौरान गांवों में नाके लगाने का किया आह्वान अमर उजाला ब्यूरो शिमला। प्रदेश को चिट्टा और नशा मुक्त बनाने के लिए बने सभी सामाजिक संगठनों के सांझा मंच हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज ने हिमाचल दिवस के मौके पर नशा मुक्त पंचायत/निकाय चुनाव को लेकर एक विशेष अभियान का शुभारंभ किया।
फोरम के पदाधिकारियों ने आम जनता को नशे के खिलाफ एकजुट होने के लिए एक अपील पत्र जारी किया है। इसमें प्रदेश की जनता से अपील की है कि चुनाव में शराब सहित किसी भी तरह के मादक पदार्थ के उपयोग को रोकने के लिए मिलकर हर गांव में नाका लगाएं। चुनाव में युवाओं को नशे के रूप में चिट्टा देने का भी प्रयास हो सकता है। इसलिए हर पंचायत के लोग खास तौर पर महिलाओं से चुनाव को पूरी तरह से नशा मुक्त माहौल में करवाने के लिए आगे आने को कहा है। हफाडा (हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज) में प्रदेशभर के शामिल 57 संगठन पूरे प्रदेशभर में इस अभियान को चलाकर आम लोगों को शराब या किसी भी तरह से मादक पदार्थ के वितरण या उपयोग को रोकने के लिए एकजुट होकर कार्य करेगा। हफाडा मंच के मुखिया एवं संयोजक पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव दीपक सानन और संगठन के पार्टनर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के सचिव सत्यावान पुंडीर ने कहा कि आम जनता के बीच संदेश दिया जाएगा कि किसी भी तरह के नशे के काले कारोबार को बढ़ाने के लिए चुनाव का समय चुना जाता है, जिससे उनके ग्राहक बढ़े, उन्हें नशे की आदत पड़े।
प्रदेश में शराब के साथ अन्य मादक पदार्थ के साथ चिट्टा नशा युवाओं को बर्बाद कर रहा है। इसलिए आज पूरे प्रदेश भर के लोगों को अपने बच्चों को बचाने और नशा मुक्त समाज का निर्माण करने के मकसद से हफाडा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल को नशे के खिलाफ शुरू किए इस अभियान को पंचायत चुनाव तक जारी रखा जाएगा। सोशल मीडिया, प्रपत्र वितरण के साथ संगठनों के कार्यकर्ता गांव-गांव और हर पंचायत में लोगों के बीच जा कर चुनावों को नशा मुक्त बनाकर संचालित करने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए जागरूक करेंगे। ब्यूरो