महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही है। पांच महीनों के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर 222 रुपये महंगा हो गया है। अगस्त महीने में 563 रुपये में बिका घरेलू गैस सिलेंडर दिसंबर महीने में 785 रुपये का हो गया है।
नवंबर में 93 रुपये महंगा होने के बाद दिसंबर में सिलेंडर के दाम पांच रुपये और बढ़ गए हैं। दिसंबर महीने में उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए 785 रुपये चुकाने होंगे।
उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के 50 रुपये अलग से देने होंगे। उपभोक्ताओं को कुल 835 रुपये देने पड़ेंगे। पहल योजना (डीबीटीएल) से जुड़ चुके उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार 286 रुपये की सब्सिडी बैंक खाते में लौटाएगी।
गैस कनेक्शन को आधार कार्ड से लिंक नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के पूरे दाम चुकाने होंगे। ऐसे उपभोक्ताओं को सब्सिडी नहीं मिलेगी।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी उछाल
कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में भी पांच माह के दौरान उछाल आया है। अगस्त के मुकाबले दिसंबर में कामर्शियल गैस सिलेंडर 339 रुपये महंगा हुआ है।
दिसंबर में कामर्शियल सिलेंडर आठ रुपये महंगा हुआ है। इस महीने 1390 रुपये में व्यावसायिक गैस सिलेंडर मिलेगा। कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को 100 रुपये के डिलीवरी चार्जिस अतिरिक्त देने होंगे। पहली दिसंबर से पूरे प्रदेश में गैस सिलेंडरों के नाम दाम लागू होंगे।
महीना घरेलू सिलेंडर (रुपये) कॉमर्शियल सिलेंडर (रुपये)
नवंबर 780 1382
अक्तूबर 686 1235
सितंबर 637 1158
अगस्त 563 1043
मार्च 2018 तक 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी
शिमला। अप्रैल 2017 से लेकर मार्च 2018 तक उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर 12 गैस सिलेंडरों का कोटा मिलेगा। कोटे के सिलेंडर समाप्त करने वालों से बाजार कीमत वसूली जाएगी।
पौने दो लाख उपभोक्ताओं की बंद है सब्सिडी
हिमाचल में करीब पौने दो लाख उपभोक्ताओं की गैस सब्सिडी बंद है। दस लाख रुपये की सालाना आय वालों की केंद्र सरकार ने सब्सिडी को बंद कर दिया है।
इसके दायरे में प्रदेश के कई वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, एचएएस, एचपीएस, डाक्टर, क्लास वन और क्लास टू अफसर आ रहे हैं। इनके अलावा हजारों उपभोक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर गैस सब्सिडी स्वयं भी छोड़ दी है। प्रदेश में करीब 14 लाख रसोई गैस सिलेंडर उपभोक्ता हैं।