मुफ्त गैस कनेक्शन के लिए अब 7 दिसंबर तक करें आवेदन
शिमला। जिले में पंचायत स्तर पर अलग हुए परिवार गृहिणी सुविधा योजना के तहत मुफ्त घरेलू गैस कनेक्शन पाने के लिए 7 दिसंबर तक आवेदन कर सकते है। जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले श्रवण कुमार हिमालयन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई अधिसूचना के मुताबिक 30 नवंबर तक योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि थी लेकिन अब यह तिथि सात दिसंबर तक बढ़ा दी है।
अब तक 3700 नए गैस कनेक्शनों के लिए लोग आवेदन कर चुके हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इनकी संख्या में इजाफा होगा। हालांकि यह सुविधा उन लोगों को ही मिलेंगी जिसके पास किसी भी तरह का गैस सिलिंडर कनेक्शन पहले न हो। योजना का लाभ पाने वाले प्रार्थी को हिमाचली बोनोफाइड सर्टिफिकेट और सभी दस्तावेज इकट्ठे कर पंचायत सचिव के माध्यम से खाद्य आपूर्ति विभाग में जमा करवाने होंगे। ब्लॉक स्तर पर बैठे निरीक्षकों के पास भी यह दस्तावेज जमा होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद गैस कनेक्शन बांटे जाएंगे।