ज्वेलरी, रेडीमेड गारमेंट्स के साथ खाद्यान्न बाजार में भी कम पहुंच रहे हैं ग्राहक
विज्ञापन
कारों की मांग पर नहीं पड़ा कोई विशेष असर अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। बढ़ती महंगाई और सेब की कम फसल से घटी आय के कारण इस बार ग्राहक केवल जरूरी सामान की खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं।
सेब की फसल में आई गिरावट का असर अब राजधानी शिमला के बाजारों में भी नजर आने लगा है। त्योहारी सीजन के दौरान बीते वर्ष के मुकाबले अभी 10 से 15 फीसदी तक कारोबार कम हुआ है। प्रदेश और जिला शिमला की आर्थिकी में सेब की अहम भूमिका है। सेब की हजारों करोड़ रुपये की आर्थिकी पर ही सालभर का कारोबार काफी हद तक निर्भर करता है। जिला शिमला में इस बार बीते वर्ष की तुलना में करीब 60 फीसदी कम सेब हुआ है। राजधानी शिमला में सेब बहुल क्षेत्रों के कई बागवान रहते हैं। सेब उत्पादक सीजन खत्म होने के तुरंत बाद त्योहारी सीजन में खरीदारी के लिए शहर पहुंचते हैं। इस बार ग्राहक अपनी पसंद की चीजों की खरीदारी करने से परहेज कर रहे हैं और केवल जरूरी वस्तुओं को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। कारोबारियों का भी मानना है कि उनका कारोबार सेब सीजन और शिमला आने वाले पर्यटकों पर निर्भर करता है। इस बार पर्यटकों की आमद भी कम रही है। ऐसे में सेब की फसल कम होने से कारोबार पर दोहरा असर पड़ा है।
इस बार कम रहा है कारोबार
महंगाई और सेब से कम हुई आय के कारण हर तरह का कारोबार प्रभावित हुआ है। ग्राहक केवल जरूरी सामान की खरीदारी करने ही आ रहे हैं। शिमला के बाजारों में ऊपरी शिमला के ठियोग, कुमारसैन, कोटखाई, जुब्बल, रोहड़ू और किन्नौर से भी बागवान सीजन खत्म होने के बाद खरीदारी करने आते रहे हैं। इस बार उनकी संख्या घटी है। इसका असर आने वाले समय में भी देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन
- संजीव सूद, अध्यक्ष, शिमला व्यापार मंडल
सोने-चांदी के दाम घटने से मिली राहत सेब की फसल कम होने से सराफा कारोबार भी प्रभावित होता है, लेकिन पहले सोने और चांदी के दाम में हुई भारी बढ़ोतरी के बाद पिछले करीब दस दिनों में आई गिरावट से त्योहारी सीजन में खरीदारी करने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। इसलिए सोने और चांदी के दाम कम होना सराफा कारोबारियों और आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों के लिए राहत की बात है। शौकिया तौर पर सोने की खरीदारी करने वाले ग्राहक दाम आसमान पर पहुंचने के बाद पीछे हट गए थे। दाम गिरने पर ग्राहक अपनी जरूरत के गहने खरीदने के साथ निवेश के लिहाज से भी खरीदारी कर रहे हैं। -विप्लव महाशय, महाशय ज्वेलर्स, मालरोड
रेडीमेड कारोबार में आई गिरावट सेब की फसल में करीब 60 फीसदी तक गिरावट आने से शिमला शहर के रेडीमेड कारोबार पर अब तक 30 से 40 फीसदी तक असर पड़ा है। शिमला में सेब सीजन खत्म होने के बाद बागवान रेडीमेड कपड़ों की खरीदारी करने आते रहे हैं। इस बार ग्राहकों की संख्या काफी कम है। जीएसटी की नई दरें लागू होने से भी कारोबार प्रभावित हो सकता है। हालांकि 2,500 रुपये से कम की खरीदारी पर जीएसटी की दर कम है।
कारों की बिक्री पर नहीं पड़ा है असर कारों की बिक्री पर सेब की फसल कम होने का अब तक कोई विशेष असर नहीं पड़ा है। छोटी श्रेणी के सभी मॉडलों की गाड़ियां खरीदने के लिए ग्राहक पहले की तरह आ रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले गाड़ियों की मांग और बिक्री लगभग बराबर है। त्योहारी सीजन में सभी ब्रांड की गाड़ियों की मांग बनी हुई है और बिक्री भी हो रही है। शिमला में रहने वाले सरकारी कर्मचारी, कारोबारी और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग गाड़ियां खरीदने पहुंच रहे हैं। -राकेश ठाकुर, मैनेजर, गोयल मोटर्स, तारादेवी