राज्य निर्वाचन विभाग की समीक्षा बैठक
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए गैस सिलिंडर के साथ पहले मतदान करें, फिर भोजन बनाएं का संदेश घर आएगा। मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से शनिवार को स्वीप गतिविधियों की समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया। लोगों को जागरूक करने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के 700 से अधिक पेट्रोल पंपों पर जागरूकता संबंधी होर्डिंग लगाने और उचित मूल्य की दुकानों पर मतदाता जागरुकता फ्लैक्स लगाने का भी निर्णय हुआ।
बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों में पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम के जरिए नियमित घोषणाओं के साथ-साथ स्वीप थीम पर आधारित संदेश प्रसारित करने का भी फैसला लिया गया। निदेशक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राम कुमार गौतम ने बताया कि प्रदेश में पांच हजार उचित मूल्य की दुकानों के जरिए 17 लाख राशनकार्ड धारकों को हर माह सस्ता राशन मिलता है।
सभी उचित मूल्य की दुकानों पर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए फ्लैक्स लगाए जाएंगे। अतिरिक्त मुख्य चुनाव निर्वाचन अधिकारी दलीप नेगी ने भी स्वीप गतिविधियों को लेकर जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य चुनाव निर्वाचन अधिकारी नीलम दुल्टा और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए हर घर में आने वाले सिलिंडर सिलेंडर के साथ जागरुकता संदेश भेजा जाएगा। इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों और उचित मूल्य पर होर्डिंग और फ्लैक्स लगा कर भी मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।
- मनीष गर्ग, राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी