चुनाव आचार संहिता लगने के बाद 50 हजार से अधिक के हर कैश ट्रांजेक्शन पर नजर रखी जा रही है। निर्वाचन आयोग ने बैंकों को ऐसे खाता धारकों की जानकारी देने को कहा है।
निर्देशों में लिखा है कि 50 हजार से अधिक कैश ट्रांजेक्शन के अलावा एक लाख से अधिक ट्रांजेक्शन वाले खातों की मॉनिटरिंग की जाए। ऐसे बैंक खाते जो चुनाव के पहले और आसपास की तिथियों में खुले और कुछ दिन बाद बंद हो गए हैं, उन्हें भी जांच में लिया जाएगा।
ऐसे बैंक खाते जिनमें चुनावी दौर में 10 लाख से अधिक का ट्रांजेक्शन हुआ है, उन सभी की जांच इनकम टैक्स विभाग करेगा। खातेदारों से पूछा जाएगा कि उन्होंने यह लेन-देन किस काम के लिए किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
संदिग्ध लेनदेन पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। चुनावी बेला पर अचानक एक्टिव होने वाले खातों पर भी खास नजर रहेगी ताकि ऐसे पैसे का दुरुपयोग न किया जा सके।
सोमवार को शिमला शहर में तीन स्क्वायड टीमें बनाई गईं है। प्रत्येक टीम में एक नोडल अफसर, एक वीडियो ग्राफर और दो पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। यह शहर भर में चेकिंग करेंगे।
अगर किसी व्यक्ति के पास 10 लाख तक की नगदी मिलेगी तो यह टीम आयकर विभाग को सूचित करेंगी। इसी तरह शराब की अवैध बिक्री पर भी यह टीम नजर रखेगी। इस बारे में एसडीए शहरी नीरज चांदला ने कहा कि तीन स्क्वायड टीमें बना दी गई हैं।