हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू व हमीरपुर में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दाैरान उन्होंने कांग्रेस व इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा कि एक तरफ भाजपा है, सुरक्षा, सम्मान, विकास व गरीब कल्याण है, विरासत व विकास का उच्च संगम मोदी के नेतृत्व में देखने को मिल रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस के नेतृत्व में इंडी गठबंधन जो भानुमति का पिटारा है। कांग्रेस का घोषणा पत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र लगता है। भारत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान से चलेगा, किसी शरिया कानून से भारत नहीं चलेगा। कांग्रेस की मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। आज उत्तरप्रदेश में कोई माफिया नहीं बचा। हर ओर खुशहाली है। योगी ने कहा कि कांग्रेस संपत्ति का सर्वे करवाने की बात कह रही है। ये पैतृक संपत्ति पर विरासत टैक्स लगाएंगे और आपकी आधी संपत्ति ले लेंगे। इस संपित्त को किसी पाकिस्तानी, रोहिंग्या को दे देंगे। कहा कि औरंगजेब की आत्मा कांग्रेस में घुस गई है। औरंगजेब मुगलों का सबसे क्रूर शासक था। कोई शरीफ मुसलमान भी अपने बेटे का नाम औरंगजेब नहीं रखता।लेकिन स्वतंत्र भारत में किसी औरंगजेब को नहीं बख्शना है। यूपी में ऐसे लोगों पर सख्ती की जा रही है। यूपी में अब कोई माफिया नहीं। कांग्रेस अपने रास्ते से भटक चुकी है।
राम भक्त के लिए भारत का हित सर्वोपरि: योगी
बिजली महादेव और माता हिडिंबा के जयकारे से संबोधन की शुरुआत करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिमाचल देवभूमि और वीरभूमि है। योगी ने कहा कि कंगना ने उद्धव ठाकरे की सरकार को पानी पिलाया। कंगना में मीरा की भक्ति है, रानी पद्मावती जैसा तेज़ है और रानी लक्ष्मी बाई जैसा शौर्य है। योगी ने कहा कि अब पूरा चुनाव रामद्रोही व राम भक्तों के बीच सिमट गया है। रामद्रोही वही, जो आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन करते हैं, भारत के अस्तित्व व अस्मिता पर सवाल खड़े करते हैं, जिन्होंने भारत के विकास को बाधित किया और गरीबों के हितों पर डकैती डाली, भारत को हर स्तर पर अपमानित करने का काम किया। राम भक्त वही, जिसके लिए भारत का हित सर्वोपरि है, जो भारत को पहचानता है।
देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं
कहा कि मोदी के नेतृत्व में बदलते हुए भारत को देखा है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। हिमाचल का नौजवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। कहा कि जब कांग्रेस की सरकार होती थी तो जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली, मुंबई, लखनऊ में बम ब्लास्ट होते थे। लेकिन अब कोई घटना नहीं है। अब नया भारत है। नया भारत छेड़ता नहीं है और अगर कोई छेड़ता है तो छोड़ता भी नहीं है। एक तरफ भारत में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है, दूसरी तरफ पाकिस्तान की 23 करोड़ की आबादी भूख से मर रही है। स्वास्थ्य के लिए पांच लाख मिल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां सब घरों में गैस सिलिंडर की सुविधा है। इस दाैरान मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणाैत, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेता माैजूद रहे।