लोकसभा चुनाव में मतदान करने में हिमाचल की महिलाएं पुरुषों से ज्यादा जागरूक हैं। ओवरऑल 50.95 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाले। हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी संसदीय क्षेत्र की बात करें तो महिलाएं पुरुषों से कहीं आगे हैं।
उधर, मतदान प्रतिशत 71 से बढ़कर 72.25 प्रतिशत हो गया है। रविवार देर रात तक मतदान के आंकड़े को संकलित करने के बाद प्रदेश मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने नया आंकड़ा जारी किया है। हिमाचल का 1977 से अब तक का यह सर्वाधिक मतदान प्रतिशत हो गया है।
मतदान प्रतिशत में 0.75 से लेकर 1.25 प्रतिशत तक की और वृद्धि हो सकती है। अभी 66,647 सर्विस वोटरों के पोस्टल बैलेट भी जोड़े जाएंगे। इस बार कुल 3801793 मतदाताओं में महिला की संख्या 19, 37,392 रही।
वहीं, पुरुषों की संख्या 18,64,386 रही। महिला मतदाताओं की संख्या में 73 हजार का अंतर दर्ज किया गया। हमीरपुर और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में पुरुष व महिला मतदाताओं की संख्या में आठ फीसदी तक का अंतर देखने को मिला। इस बार 15 ट्रांसजेंडर मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम के चलते जागरूकता बढ़ी है। सोमवार तक विभिन्न जिला निर्वाचन अधिकारियों तक कुल 23990 पोस्टल बैलेट पहुंच चुके हैं और अभी 22 मई तक पोस्टल बैलेट रिसीव किए जाएंगे।