हमीरपुर और बिलासपुर जिला कांग्रेस में फेरबदल की तैयारी की जा रही है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से प्रचार की नेगेटिव रिपोर्ट पहुंचने के बाद आलाकमान ने फेरबदल का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि संसदीय क्षेत्र में प्रभारी रजनी पाटिल के पहुंचते ही पदाधिकारियों को कभी भी बदला जा सकता है।
हाईकमान ने पाटिल को साफ शब्दों में कह दिया है कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हो रहा और बेलगाम नेता काबू में नहीं आ रहे हैं तो उनको पदमुक्त किया जाए। उल्लेखनीय है कि पहले आलाकमान को हमीरपुर संसदीय सीट के टिकट को लेकर खासी कसरत करनी पड़ी थी।
अब अभी तक क्षेत्र में चुनाव प्रचार की रिपोर्ट भी सही नहीं है। पिछले कई दिनों से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र पर हाईकमान नजर रखे हुए है। अभी तक की रिपोर्टों से हाईकमान ज्यादा संतुष्ट नहीं है। माना जा रहा है कि देर-सवेर हमीरपुर और बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी में फेरबदल तय है।
सूत्रों के मुताबिक हाईकमान ने प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बारे में विस्तार से चर्चा की है। हाईकमान चाहता है कि हमीरपुर में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर को कड़ी चुनौती दी जाए, जिससे उनका आगे का रास्ता रोका जा सके।
यह तभी संभव होगा, अगर हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों में पार्टी नेता आपसी मनमुटाव को दूर करके चुनाव प्रचार में एकजुटता के साथ प्रचार करें। हाईकमान के पास पहुंचीं शिकायतों के बाद पार्टी के कुछ पदाधिकारियों को कड़ी चेतावनी भी दी गई थी, परंतु स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है। इस पर हाईकमान ने कड़ा नोटिस लिया है।