कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल ने कहा कि उन्हें सभी वरिष्ठ नेताओं का स्नेह मिल रहा है। कोई भी उनसे नाराज नहीं है। वरिष्ठ नेता जीएस बाली और चंद्र कुमार 10 अप्रैल के बाद उनके प्रचार में जुटेंगे। सभी से फोन पर बात हुई है।
पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि हाईकमान ने सूझबूझ से होनहार व युवा पवन काजल को प्रत्याशी उतारा है जिसका वे समर्थन करते हैं। काजल के रोड शो में उमड़े जन सैलाब को देखकर भाजपा बौखला गई है। काजल के सिर पर जीत का सेहरा बांधेंगे। पूर्व मंत्री जीएस बाली ने कहा कि वह पार्टी के कर्मठ सिपाही हैं। कांगड़ा सीट से पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए जीतोड़ मेहनत की जाएगी।
काजल रविवार को चैत्र नवरात्र के दौरान सुबह मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने के साथ चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। उसके बाद दोपहर दो बजे बैजनाथ विस क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और विधायक किशोरी लाल भी उनके साथ होंगे।
कांग्रेस की तरह भाजपा में अंदरूनी गुटबाजी चल रही है लेकिन इसे उजागर नहीं होने दिया जा रहा। टिकट मिलने से वंचित रहे भाजपा नेता त्रिलोक कपूर और दूलोराम को चुनाव प्रचार का हिस्सा बनाया जा रहा है। पार्टी के भीतर ही किशन कपूर के विरोधी रहे कुछ नेताओं को हाईकमान ने सख्त हिदायत देकर अपने क्षेत्र से लीड दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी है।