आईटीबीपी की वर्दी पहनकर भाजपा की सदस्यता लेने वाले आईटीबीपी के अधिकारी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एसएसपी कांगड़ा द्वारा भेजे गए पत्र के जवाब में डीआईजी आईटीबीपी शिमला की ओर से जवाब में स्पष्ट किया गया है कि नियमों के अनुसार कोई भी व्यक्ति वर्दी पहनकर राजनीतिक कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकता। आईटीबीपी के जवाब के बाद एसएसपी कांगड़ा ने मामले में रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन कार्यालय को भेज दी है।
मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी है। अब चुनाव आयोग को वर्दी पहनकर भाजपा में शामिल होने वाले अफसर पर कार्रवाई पर फैसला लेना है। बता दें कि 26 अप्रैल को धर्मशाला के दाड़ी मैदान में भाजपा की रैली के दौरान मेडल, स्टार और तमगों से सुसज्जित वर्दी पहने आईटीबीपी के रिटायर्ड असिस्टेंट कमांडेंट के सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो गया था।