खुद को रिश्ते में रामस्वरूप का जीजा बताते हुए जोगिंद्रनगर के हराबाग के 60 वर्षीय बृज गोपाल अवस्थी ने आजाद प्रत्याशी चुनाव लड़ने का एलान किया है। सांसद के कार्यकाल पर सवाल उठाते उन्होंने कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारने में रामस्वरूप पूरी तरह से नाकाम रहे हैं।
मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के साथ जो वायदे किए थे, उन्हें वह पूरा नहीं कर पाए। यही कारण है कि वह एक निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़कर आम जनता के लिए काम करना चाहते हैं।
उन्होंने दावा किया कि वे सांसद रामस्वरूप शर्मा के जीजा हैं। रामस्वरूप शर्मा की चचेरी बहन की शादी उनसे हुई है, लेकिन वह रिश्तेदारी को राजनीति में शामिल नहीं करना चाहते। रिश्तेदारी अपनी जगह है और चुनाव अपनी जगह।
उन्हें एक सांसद की नाकामियों को लेकर चुनाव लड़ना है न कि रिश्तेदारी को लेकर। वह विद्युत बोर्ड से एसडीओ के पद से रिटायर हुए हैं। उधर, रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि बृज गोपाल अवस्थी जबरन उनके साथ रिश्ता जोड़ रहे हैं। उनके साथ दूर तक की कोई रिश्तेदारी नहीं है।