कुटलैहड़ से विवेक को टिकट मिलना तय
विधानसभा उपचुनाव के लिए कुटलैहड़ हलके से विवेक शर्मा को टिकट दिया जाना लगभग तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री बीते दिनों सार्वजनिक तौर पर इसका एलान भी कर चुके हैं, अब सिर्फ हाईकमान की ओर से विवेक शर्मा के नाम पर मोहर लगने की औपचारिकता पूरी की जानी है। धर्मशाला विधानसभा हलके से नगर निगम के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी, राकेश चौधरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी की बहू का नाम पैनल में शामिल है। सुजानपुर से कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के अलावा सुरेंद्र डोगरा और राकेश ठाकुर के नाम को लेकर भी चर्चा जारी है।
यहां से वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके कैप्टन रणजीत सिंह के साथ भी कांग्रेस की बातचीत जारी है। लाहौल स्पीति से पूर्व विधायक रघुवीर सिंह, जिला परिषद सदस्य अनुराधा राणा, भाजपा के पूर्व विधायक रामलाल मारकंडा को लेकर भी मंथन चल रहा है। जबकि गगरेट विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक राकेश कालिया और कुलदीप कुमार के नाम की चर्चा है। बड़सर विधानसभा हलके से पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, संजीव शर्मा और शर्मिला पटियाल के नाम पर विचार चल रहा है।
भाजपा से लाकर प्रत्याशी बनाने का हो रहा है विरोध
विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं को पार्टी प्रत्याशी बनाने की मुहिम का विरोध भी चल रहा है। लाहौल स्पीति और गगरेट कांग्रेस इस बाबत अपना विरोध भी दर्ज करवा चुकी है। इसके अलावा बाहरी नेता को भी विधानसभा उपचुनाव लड़ने के पक्ष में इन 6 विधानसभा क्षेत्र के नेता नहीं है।
26 को डोडरा क्वार राजगढ़ में जनसभाएं करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का 26 अप्रैल को शिमला संसदीय सीट के तहत डोडरा क्वार और राजगढ़ में चुनावी जनसभाएं करना प्रस्तावित है। पार्टी नेताओं ने बताया कि 26 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुक्खू नई दिल्ली से सीधे जनसभाओं में पहुंचेंगे। उनके साथ शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी भी मौजूद रहेंगे।