नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व माकपा विधायक राकेश सिंघा के मजदूरों को खाना न दिए जाने को लेकर दिए जा रहे धरने पर मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। सीएम बोले कि यह समय सियासत का नहीं है।
पूरी दुनिया इस महामारी से जूझ रही है। सीएम ने दावा किया कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति खाने को लेकर परेशान नहीं है। हर दिन वह खुद सुबह-शाम अफसरों के साथ बैठक कर सुनिश्चित करा रहे हैं कि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। सीएम ने कहा कि कोरोना से लड़ी जा रही जंग में सुझावों का स्वागत है।
हिमाचल में कोरोना पॉजिटिव से निगेटिव हुए लोगों के 14 दिनों के बाद दोबारा टेस्ट होंगे। प्रदेश में 39 कोरोना पॉजिटिव मामले हैं, जिनमें से 16 लोगों की रिपोर्ट दो बार निगेटिव आ चुकी है। इन्हें 14 दिनों तक क्वारंटीन किया जाएगा और फिर दोबारा टेस्ट होगा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा है कि हिमाचल में ज्यादा से ज्यादा कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। पहले प्रतिदिन 100 से100 सैंपल लिए जाते थे, लेकिन अब पालमपुर और नेरचौक में टेस्ट किट स्थापित होने से सैंपलों की संख्या बढ़कर साढ़े 300 से ज्यादा हो गई है।