फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lockdown: हिमाचल में तीन मई के बाद शुरू होंगी कई आर्थिक गतिविधियां

Sat, 25 Apr 2020 04:50 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
बैठक की अध्यक्षता करते सीएम जयराम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश में तीन मई के बाद कई आर्थिक गतिविधियां शुरू होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कर्फ्यू के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ा है और तीन मई को लॉकडाउन खुलने के बाद आर्थिक गतिविधियां दोबारा शुरू करने को योजना बनाना महत्वपूर्ण है। जयराम ठाकुर ने उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और सीएमओ से वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहा कि प्रदेश के बाहर फंसे लोगों को हर सहायता दें। प्रदेश वापस आने के इच्छुक लोगों को सुविधा दें।  मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सारी व्यापारिक गतिविधियां बंद पड़ी हैं।

विज्ञापन


ऐसी स्थिति में शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्रों में सभी दुकानदारों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में हमने निर्णय लिया है कि कर्फ्यू की ढील तीन घंटे की जगह चार घंटे कर दिया है। अगर हालात ठीक रहे तो आने वाले समय में ढील और बढ़ेगी। इसके अलावा प्रदेश के लोगों को मॉर्निंग वॉक के लिए सुबह साढ़े पांच बजे से सात बजे तक का समय निर्धारित कर दिया है। सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले पिछले कुछ दिनों से हमारे सामने ज्यादा नहीं आए हैं। प्रदेश में पॉजिटिव मामलों की संख्या 40 तक पहुंची है। हमने जो एहतियात बरते हैं उससे ऐसा हो पाया है। 

बाहर फंसे लोगों को हर संभव मदद मिलेगी
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य के बाहर फंसे लोगों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि राज्य में वापस आने के इच्छुक लोगों को सुविधा मिले।  लेकिन साथ ही यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि एक बार राज्य में प्रवेश करने के बाद उन्हें चिकित्सकीय रूप से अच्छी तरह से जांच कर स्थिति को देखते हुए होम क्वारंटीन किया जाए।  
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों को ऐसे व्यक्तियों के बारे में जानकारी प्रदान की जानी चाहिए और उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए कहा जाना चाहिए कि संबंधित व्यक्ति क्वारंटीन अवधी के दौरान बाहर न निकले। कहा कि जो विद्यार्थी अन्य राज्यों से वापस आ रहे हैं, उनकी भी चिकित्सकीय जांच की जानी चाहिए और उन्हें होम क्वारंटीन में रखा जाना चाहिए। इसी तरह हिमाचल में फंसे अन्य राज्यों के लोगों को भी अपने राज्यों में जाने की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि राज्य में प्रवेश करने वाले लोगों को अपने मोबाइल फोन पर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड के लिए कहा जाए।  

विज्ञापन

  निजी अस्पतालों और क्लीनिक स्टाफ को पास की जरूरत नहीं

जयराम ठाकुर ने कहा कि उपायुक्त यह सुनिश्चित करें कि सभी निजी अस्पतालों तथा क्लीनिकों को सुचारु चलाया जाए और उनके स्टाफ को किसी कर्फ्यू पास की जरूरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खनन स्थलों से परियोजना क्षेत्रों तक निर्माण सामग्री ले जाने वाले ट्रकों की अंतर जिला आवाजाही को स्वीकृति प्रदान करने का निर्णय लिया है।  वहीं मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा कि अन्य राज्यों से प्रदेश पहुंचने वाले लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए। प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए अन्य राज्यों के जिला दंडाधिकारियों द्वारा प्रदान पास स्वीकार्य होंगे।

पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी ने कहा कि लोगों को प्रेरित किया जाना चाहिए और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क या फेस कवर पहनने के लिए कहा जाना चाहिए।पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव जेसी शर्मा ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के ठेकेदारों को सड़कों के निर्माण और रखरखाव की सुविधा के लिए आवाजाही की अनुमति देनी चाहिए। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू ने कहा कि एक से दूसरे जिले में आवाजाही के लिए पास उदारतापूर्वक दिए जाने पर बल दिया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार और आरडी धीमान, प्रमुख सचिव ओंकार शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें