सुबह के वक्त प्रभावित रही वाहनों की आवाजाही
नारकंडा और खिड़की से होकर बसों की आवाजाही बंद
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला से ऊपरी क्षेत्रों के लिए बसों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
बुधवार रात हुई बर्फबारी के बाद वीरवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर कुफरी और फागू के बीच फिसलन से गाड़ियां फंस गईं। इसके बाद शिमला से बाघी के लिए रवाना हुई बस कुफरी से शिमला लौट आई।
शिमला-चौपाल-नेरवा रूट खिड़की के पास बंद है। नारकंडा में भी बर्फबारी के बाद फिसलन बढ़ गई है। वीरवार को शिमला से रामपुर और रिकांगपिओ रूट पर बसें वाया बसंतपुर रवाना की गईं। हालांकि शिमला से रोहड़ू के लिए वाया खड़ापत्थर बसों का संचालन जारी है। मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय प्रबंधक तारादेवी डिपो विनोद शर्मा ने बताया कि वीरवार सुबह कुफरी के पास बसों की आवाजाही प्रभावित हुई। चौपाल के लिए बसों का संचालन प्रभावित है। सड़कों की हालत को देखते हुए रूटों पर बसें संचालित की जा रही हैं।