रिवोली से रिज तक ट्राली या लिफ्ट बनाने पर भी फैसला शीघ्र
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के लक्कड़ बाजार बस अड्डे से रिवोली मार्केट तक जल्द ही लोगों को लिफ्ट में आवाजाही की सुविधा मिलने वाली है। इसके लिए नगर निगम ने रोपवे कार्पोरेशन को निर्देश जारी कर दिए हैं। दिसंबर तक इस लिफ्ट के पहले चरण का काम पूरा करने की तैयारी है।
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में तैयार होने वाली यह तीसरी लिफ्ट होगी। इससे पहले लोअर बाजार से मिडल बाजार और विकासनगर से छोटा शिमला तक दो लिफ्ट बनकर तैयार हो चुकी हैं। अब लक्कड़ बाजार बस अड्डे से रिवोली तक लिफ्ट सुविधा लोगों को मिलनी है। लक्कड़ बाजार से रिज मैदान तक दो चरणों में लिफ्ट का निर्माण होना है। पहले चरण का काम करीब तीन साल पहले शुरू हो चुका है लेकिन बीच में ठेकेदार ने काम बंद कर दिया था। अब बरसात के बाद इसका निर्माण कार्य फिर से शुरू करने के लिए ठेकेदार को निर्देश जारी कर दिए हैं। रोपवे कार्पोरेशन के डीजीएम मुनीष साहनी ने कहा कि दिसंबर तक इस लिफ्ट के पहले चरण का काम पूरा कर दिया जाएगा। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि सदन में रोपवे कार्पोरेशन से इस लिफ्ट के निर्माण पर रिपोर्ट ली है। इसी साल के अंत तक इसका काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
रिवोली से रिज तक ट्राली लगेगी या लिफ्ट
रिवोली मार्केट से रिज मैदान तक फनीकूलर ट्रॉली लगानी है या फिर लिफ्ट का ही निर्माण किया जाएगा, इस पर भी जल्द फैसला होने की उम्मीद है। रोपवे कार्पोरेशन के अनुसार शहरी विकास मंत्री के पास इस मामले पर चर्चा चल रही है। जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लिया जाना है। पहले तैयार की गई योजना के तहत करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से लक्कड़ बाजार बस अड्डे से रिज तक लिफ्ट का निर्माण होना था। हालांकि लक्कड़ बाजार क्षेत्र में जमीन धंसने के बाद प्रोजेक्ट बदल गया। रोपवे कार्पोरेशन ने यहां फनीकूलर ट्रॉली लगाने की भी योजना बनाई है लेकिन इस पर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है। स्थानीय भाजपा पार्षद सरोज ठाकुर पहले ही इस प्रोजेक्ट के काम में हो रही देरी पर सवाल उठा चुकी हैं। यदि लिफ्ट लक्कड़ बाजार से रिज तक नहीं लगी तो जनता को इस प्रोजेक्ट का ज्यादा फायदा नहीं होगा।