मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा, नहीं जाना पड़ेगा आईजीएमसी संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना में लंबे समय से रिक्त पड़े सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर स्पेशलिस्ट के 51 पदों को भरने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। इन पदों के लिए तीसरे दौर की काउंसलिंग 8 अक्तूबर को होगी।
भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन 29 जुलाई से 11 अगस्त तक लिए थे। उम्मीदवारों को एनओसी जमा करने की अंतिम तिथि 8 सितंबर तय की है। इसके बाद 22 सितंबर को अस्पताल की वेबसाइट पर टेंटेटिव मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी और दस्तावेज सत्यापन सहित काउंसलिंग की प्रक्रिया 8 अक्तूबर को पूरी की जाएगी। अस्पताल में 79 सीनियर रेजिडेंट पद स्वीकृत हैं, जिनमें से केवल 29 ही भरे हुए हैं। बाकी पदों को भरने के लिए जून में दूसरा राउंड आयोजित किया था लेकिन पर्याप्त आवेदक न मिलने से अधिकांश विभागों में नियुक्तियां अधूरी रह गईं थीं। यही कारण है कि अब तीसरे दौर की काउंसलिंग करवाई जा रही है। इन पदों के भरने से अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। खासकर न्यूरो, कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी जैसे अहम विभागों में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। अब तक हार्ट स्पेशलिस्ट और कुछ अन्य विभागों की सेवाओं के लिए मरीजों को आईजीएमसी जाना पड़ता था लेकिन भर्ती पूरी होने पर उपचार चमियाना अस्पताल में ही उपलब्ध होगा।
इन विभागों में होंगी नियुक्तियां चमियाना अस्पताल के एनेस्थीसिया में 5, ब्लड ट्रांसफ्यूजन में 2, कार्डियोलॉजी में 2, सीटीवीएस में 6, नेफ्रोलॉजी में 3, प्लास्टिक सर्जरी में 6, न्यूरोलॉजी में 3, न्यूरो सर्जरी में 6 पद भरे जाएंगे। रेडियो डायग्नोसिस में 2, कार्डियक एनेस्थीसिया में 2, पीडियाट्रिक्स गैस्ट्रो में 2, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी में 2, पीडियाट्रिक सर्जरी में 1, पैथोलॉजी में 1, बायोकेमिस्ट्री में 1 और यूरोलॉजी विभाग में 5 पद भरे जाने हैं।