हिमाचल के मंडी की ग्राम पंचायत चैलचौक के नेहरा गांव में निजी खेत में बने पानी के टैंक में एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला है। किसान ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने तेंदुए का शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में खुले टैंक में तेंदुआ गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना वीरवार देर रात की बताई जा रही है। वन परिक्षेत्राधिकारी नाचन पीयूष शर्मा ने बताया कि नेहरा के टेक सिंह के खेतों में बने सिंचाई टैंक में तेंदुए के पड़े होने की सूचना मिली।
मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता लगेगा। उधर, पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले स्थानीय लोग टैंक के पास काफी संख्या में एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचे एसएचओ गोहर संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि तेंदुआ रात के अंधेरे में टैंक में गिर गया हो और डूबने से उसकी मौत हुई। नाचन में किसानों ने पंचायत के माध्यम से सिंचाई के लिए खेतों में टैंकों का निर्माण किया है। खेतों में बनाए टैंक खुले हैं।