हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल के सरली गांव में सोमवार सुबह एक 18 वर्षीय प्रवेश शर्मा पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस दौरान करीब 12 मिनट तक युवक व तेंदुए के बीच भिड़ंत हुई और युवक ने अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए को मार डाला। हालांकि, युवक इससे बुरी तरह घायल हो गया है और कई जगह पर गहरे नाखून लगे हैं। मामले के बाद क्षेत्र में दहशत है। प्रवेश ने बताया कि सुबह करीब 7:00 बजे जब वह अपने घर से दूध लाने के लिए खेतों से होकर जा रहा था तो रास्ते में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह किसी तरह तेंदुए से एक बार छूट गया लेकिन तेंदुए ने उस पर फिर से हमला कर दिया। इस दौरान उसकी तेंदुए के साथ करीब 12 मिनट तक भिड़ंत हुई।