हिमाचल के बिजली उपभोक्ताओं को प्रति बिल अगस्त महीने में तीन-तीन एलईडी बल्ब दिए जाएंगे। बिजली बोर्ड प्रबंधन ने ईएसआई कंपनी को बल्ब देने का टेंडर अवार्ड किया है। बल्ब लेने पर हर महीने बिजली बिल में उपभोक्ताओं से 390 रुपये किस्तों में लिए जाएंगे।
एक एलईडी बल्ब बोर्ड को 130 रुपये में मिल रहा है। बल्ब वितरण के बाद आने वाले बिजली बिल में सिर्फ दस रुपये अतिरिक्त जोड़े जाएंगे। दूसरे महीने से आने वाले बिजली बिल में 30 रुपये (प्रति बल्ब दस रुपये) जोड़े जाएंगे।
राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड इन एलईडी बल्ब की खरीद केंद्र सरकार के उपक्रम से कर रहा है। ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने बताया कि करीब 54 लाख एलईडी बल्ब अगस्त में बांटे जाएंगे। प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हर बिजली बिल उपभोक्ता को तीन एलईडी बल्ब दिए जाएंगे।
ऊर्जा संरक्षण के लिए यह फैसला लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में सीएफएल बल्ब बांटे थे। कांग्रेस ने एक कदम बढ़ते हुए एलईडी बल्ब देने का फैसला लिया है।