संजौली टैंक से रिज मैदान टैंक को पानी की आपूर्ति देने वाली 12 इंच की पेयजल लाइन में थी लीकेज
कंपनी के स्टोर में घुस रहा था पानी, शुक्रवार को रिज की खोदाई कर दूर की लीकेज, यूएस क्लब को नहीं मिला पानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर एचपीएमसी के समीप जमीन के नीचे बिछी पेयजल लाइन में फिर लीकेज हो गई। इसका पानी जमीन के नीचे से होता हुआ यहां बने पेयजल कंपनी के स्टोर में घुस रहा था। कंपनी को इसे ठीक करने के लिए शुक्रवार को फिर रिज मैदान की खोदाई करनी पड़ी।
कंपनी के अनुसार अगस्त में भी इस पेयजल लाइन में भारी लीकेज हो गई थी। उस समय भी रिज की खोदाई कर इसे ठीक करना पड़ा था। इसके बाद लीकेज बंद हो गई, लेकिन दो-तीन दिन पहले फिर से स्टोर और सीढि़यों में अचानक पानी बहने लगा। जांच की तो पता चला कि पाइपलाइन में लीकेज हो रही है जिसे कुछ हफ्ते पहले ठीक किया गया था। 12 इंच की इस पेयजल लाइन से संजौली टैंक का पानी रिज मैदान टैंक के लिए पहुंचता है। इसमें पानी का प्रेशर इतना ज्यादा है कि रोजाना हजारों लीटर पानी जमीन के नीचे बर्बाद बह रहा था। लीकेज मिलने के बाद कंपनी ने शुक्रवार सुबह रिज की खोदाई की और मरम्मत कार्य किया। इसके चलते संजौली टैंक से रिज मैदान टैंक के लिए पानी की आपूर्ति रोकनी पड़ी। आपूर्ति बंद रहने से यूएस क्लब और इसके साथ लगते इलाके में पानी नहीं दिया गया। कंपनी के अनुसार इन इलाकों में शनिवार सुबह पानी की आपूर्ति दी जाएगी।