मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नववर्ष-2019 की बधाई देने के लिए मंगलवार को नेताओं और अफसरों में होड़ लगी रही। मुख्यमंत्री आवास ओकओवर से सचिवालय तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कइयों ने फोन पर भी मुख्यमंत्री को नए साल की शुभकामनाएं दीं।
मंत्रियों-विधायकों समेत कई अफसरों ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री के दरबार में हाजिरी लगाई। जयराम ठाकुर के आधिकारिक निवास ओक ओवर में सुबह ही बड़ी संख्या में लोगों ने भी बधाई दी। उधर, मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों में अपने समकक्षों, केंद्रीय मंत्रियों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न राज्यों के मंत्रियों को फोन कर नए साल की शुभकामनाएं दीं।
सीएम ने प्रदेशवासियों को भी शुभकामनाएं दीं और उनका बधाइयां देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश वासियों ने हमेशा हिमाचल को सभी प्रमुख क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्य के रूप में उभरने के लिए राज्य सरकार को अपना भरपूर समर्थन दिया है।
जयराम ने पीएम मोदी को फोन पर दी बधाई, राज्यपाल से भी मिले
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की और उन्हें नए साल की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत को मुख्यमंत्री ने राजभवन जाकर नए साल की बधाई दी।