नए साल पर शहरवासियों को कई नई सौगातें मिलने जा रही हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन शहर के लोगों को कई नई सेवाएं मुहैया करवाकर सुविधा प्रदान करने जा रहा है। शहरवासियों को पहली बार पानी के मासिक बिल जारी किए जाएंगे। इससे हजारों उपभोक्ताओं को एकसाथ सात-आठ महीनों का पानी बिल चुकाने से छुटकारा मिलेगा।
शहर में पानी के कनेक्शन लगाने की प्रक्रिया भी आसान हो जाएगी। मर्ज एरिया के लोग घरेलू कनेक्शन ले सकेंगे। गर्मियों में चाभा का पानी शिमला पहुंचेगा जिससे पेयजल संकट नहीं रहेगा। नए साल में स्मार्ट सिटी के कई प्रोजेक्ट भी शुरू होने जा रहे हैं।
इनमें डीडीयू अस्पताल के लिए माडर्न एंबुलेंस, कचरा ढोने के लिए आधुनिक गाड़ियां शामिल हैं। नगर निगम सात तरह की सेवाएं आनलाइन भी करने जा रहा है। लोग घर बैठे ही कनेक्शन, नक्शों आदि के लिए आवेदन कर सकेंगे।
शहरवासियों को राहत देंगी यह नई सेवाएं
-शहर में पहली बार मलबा उठाने की सुविधा मिलेगी। लालपानी बायोगैस प्लांट शुरू होगा।
-20 से ज्यादा पार्किंग बनकर होंगी तैयार। ढली में ढाई करोड़ की सबसे बड़ी पार्किंग बनेगी।
-10 से अधिक एंबुलेंस रोड बनेंगे। वार्डों में कम्यूनिटी सेंटर और पार्षद कार्यालय की भी योजना।
-टुटू, मज्याठ, पंथाघाटी के कई इलाके सीवरेज लाइन से जुड़ेंगे। नए शौचालय भी बनेंगे।
-सर्कुलर रोड कई जगहों पर होगा चौड़ा, नहीं लगेगा जाम। खलीनी, संजौली में बनेंगे फुट ओवर ब्रिज।
-नए साल में लिफ्ट स्थित आजीविका भवन में शिफ्ट होगी तिब्बती मार्केट।