शहर के ढली क्षेत्र का मामला, कई साल से जमीन के नीचे टूटी थी पेयजल लाइन, अब मरम्मत कार्य शुरू
एनएच की खोदाई कर दुरुस्त होगी पेयजल लाइन, रोज बचेगा लाखों लीटर पानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के ढली में एनएच के नीचे बिछी पेयजल लाइन में कई साल से पानी की लीकेज हो रही थी। इसका पानी जमीन की सतह पर दिखाई नहीं देता था। हाल ही में जब एक व्यक्ति ने यहां घर बनाने के लिए जमीन की खोदाई करवाई तो अचानक जमीन से पानी का फव्वारा फूट पड़ा।
पहले व्यक्ति को लगा कि यह प्राकृतिक चश्मा है, लेकिन जब जांच की गई तो यह पेयजल लाइन में लीकेज मिली। अब पेयजल कंपनी ने इस लीकेज को दूर करने के लिए मौके पर काम शुरू कर दिया है। मशीनों के जरिये एनएच की सड़क की खोदाई की जा रही है। काफी गहराई पर अब पेयजल लाइन में लीकेज का पता लगा है। हालांकि, इसे ठीक करने में अभी एक-दो दिन लग सकते हैं। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान भी रविवार को मौके पर पहुंचे और काम का जायजा लिया। महापौर ने एक दिन पहले भी निरीक्षण कर कंपनी को लीकेज की जांच करने के निर्देश दिए थे। अब कंपनी ने मौके पर काम भी शुरू करवा दिया है। महापौर ने कहा कि यह लीकेज जमीन के नीचे ही हो रही थी। अब जब एक व्यक्ति ने यहां खोदाई करवाई तो इसका खुलासा हुआ।